मुजफ्फरनगर में 15 मिनट में वर्दी उतरवाने की धमकी: डबल रूफ कांवड़ की छत पर खड़े थे

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले ही शिवभक्ति की आड़ में कुछ अराजक तत्वों ने शहर के सबसे संवेदनशील शिव चौक पर जमकर बवाल काटा। पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की गई।

पुलिसकर्मियों को सरेआम वर्दी उतरवाने तक की धमकी दी गई और मौके पर कवरेज कर रहे पत्रकारों के साथ भी मारपीट एवं अभद्रता की गई। पूरे घटनाक्रम के कई वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के नॉवल्टी चौराहे से शुरू हुआ। शुक्रवार देर रात करीब 10 बजे ऊंची हाइट वाली डबल रूफ डीजे कांवड़ वहां पहुंची। लगातार हो रही बारिश और ऊपर से गुजर रही बिजली लाइनों को देखते हुए शहर कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा ने डीजे की छत पर खड़े लोगों से नीचे उतरने का अनुरोध किया।

पुलिस का कहना था कि बारिश के मौसम में करंट का गंभीर खतरा हो सकता है और किसी भी हादसे से बचने के लिए यह जरूरी है। लेकिन, सुरक्षा संबंधी इस अनुरोध को मानने के बजाय कुछ लोग पुलिस से उलझ गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कांवड़ शिव चौक तक पहुंच गई, जहां हालात पूरी तरह तनावपूर्ण हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस लगातार समझाती रही, हाथ जोड़कर अनुरोध करती रही, लेकिन हंगामा कर रहे लोग किसी की सुनने को तैयार नहीं थे। शिव चौक पर मौजूद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा के सामने ही शहर कोतवाली प्रभारी के साथ अभद्र व्यवहार किया गया।

वायरल वीडियो में कुछ लोग पुलिसकर्मियों को खुलेआम धमकाते, धक्का देते और कानून व्यवस्था को चुनौती देते दिखाई दे रहे हैं। स्थिति तब और बिगड़ गई जब मौके पर कवरेज कर रहे पत्रकार भी अराजक भीड़ के निशाने पर आ गए। कई पत्रकारों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट भी की गई।

पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर हंगामा करने वाले लोगों की पहचान में जुटी है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और कानून व्यवस्था भंग करने, पुलिस कार्य में बाधा डालने तथा पत्रकारों से अभद्रता करने वालों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।