Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में बीते तीन दिनों से हो रही बारिश की वजह से एक कच्चे मकान की छत ढह गई. इस हादसे में एक 60 साल की बुजुर्ग महिला की मौत हो गई और एक शख्स घायल हो गए.
मुजफ्फरनगर में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब जानलेवा हो गई है. गुरुवार देर रात मंसूरपुर थाना क्षेत्र के खानपुर गांव में एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया. इस हादसे में 60 वर्षीय सरोज की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि 70 वर्षीय पति कृष्ण पाल घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
इस हादसे के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. पुलिस टीम ने मलबे से महिला के शव को बाहर निकालकर पोस्टर मार्टम के लिए भेज दिया है. प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हर संभव आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है.
बारिश की वजह से ढही मकान की छत
मुजफ्फरनगर में तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही थी, जिसके बाद इस घर के पीछे पड़े खाली प्लॉट में पानी भर गया. जिसकी वजह से घर की दीवार बैठ गई और मकान की छत अचानक भरभराकर गिर पड़ी. हादसे की वक्त मृतका सरोज और उनके पति कृष्ण पाल घर में ही मौजूद थी, जिसकी वजह से वो मलबे में दब गए. इस हादसे के बाद भारी संख्या में आसपास के लोग पहुंचे और मलबा हटाने का काम शुरू किया गया.
मलबे में दबकर 60 साल की महिला की मौत
मृतक महिला के परिजनों ने बताया कि कॉलोनी का बरसाती पानी लंबे समय से खाली प्लॉट में जमा हो रहा है, जिससे आसपास के मकानों को भी खतरा बना हुआ है. उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की.
एसडीएम खतौली ललित मिश्रा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाया जाएगा. साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों में प्रशासन, पुलिस और ग्राम विकास विभाग की टीमें लगातार राहत कार्य में जुटी हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि जलभराव वाले स्थानों से दूर रहें और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत प्रशासन को दें.