मुजफ्फरनगर में सांड का कारनामा, गोदाम की छत पर चढ़ा

मुजफ्फरनगर में बरसात के पानी से बचने के लिए एक सांड गोदाम की छत पर चढ़ गया. हालांकि, सांड को नीचे उतार लिया गया है और उसे सड़क पर छोड़ दिया गया है.

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर से एक अजीबो-गरीब तस्वीर सामने आई है, यहां बरसात के पानी से बचने के लिए एक सांड गोदाम की छत पर चढ़ गया. हालांकि, सांड को नीचे उतार लिया गया है. वहीं, यह घटना अब लोगों के बीच कौतूहल का विषय बनी हुई है.

दरअसल, मुजफ्फरनगर में लगातार कई दिनों से जोरदार बारिश हो रही है और बारिश से खुद को बचाने के लिए सांड गोदाम की छत पर चढ़ गया. वहीं, इसकी सूचना मिलने पर सन्नी नाम के एक पशु प्रेमी ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर सांड का नीचे उतारने की कोशिश की. इस दौरान सांड छत पर लगी सीमेंट की चद्दर पर चढ़ गया, जिसके चलते सांड नीचे जा गिरा, गनीमत रही कि उसे कोई चोट नहीं आई है.

सांड के छत पर चढ़ने की वीडियो आई सामने
आपको बता दें कि ये पूरा मामला चरथावल ब्लॉक क्षेत्र स्थित कस्बा चरथावल का है. यहां आवारा सांड बारिश से बचने के लिए एक गोदाम की छत पर चढ़ गया था. वहीं, सांड के गोदाम की छत में चढ़ने की वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. वायरल वीडियो में ये आवारा सांड गोदाम की छत पर खड़ा नजर रहा है और पशु प्रेमी उसे नीचे उतारने का प्रयास कर रहे हैं.

सांड को सकुशल किया गया रेस्क्यू
पशु प्रेमी सन्नी ने बताया कि मेरे पास कॉल आया था, एक रेस्क्यू के लिए की सांड सेकंड फ्लोर पर चढ़ गया है. इस पर मैं जब रेस्क्यू करने पहुंचा तो देखा ऊपर बचाव के लिए कुछ भी साधन नहीं था. वह कूद कर अपने आप को चोट भी लगवा सकता था. उन्होंने बताया कि सांड को रेस्क्यू कर सकुशल सड़क पर छोड़ दिया गया है, साथ ही उन्होंने रेस्क्यू में मदद करने वाले स्थानीय लोगों को भी धन्यवाद दिया है.