बांकीपुर उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी द्वारा अपना उम्मीदवार बदलने के फैसले का केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रा) के मुखिया चिराग पासवान ने बचाव किया है. उन्होंने कहा कि नए प्रत्याशी को लेकर कई तरह के सवाल जरूर उठाए जा रहे हैं, लेकिन खुद उम्मीदवार ने सामने आकर अपनी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है. चिराग ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के जीवन में क्या परिस्थितियां चल रही हैं, यह हर कोई नहीं जान सकता और ऐसे बड़े राजनीतिक फैसलों के पीछे कई सामूहिक कारण होते हैं. उन्होंने साफ किया कि हर आम चुनाव की तरह यह उपचुनाव भी एनडीए (NDA) के लिए बेहद महत्वपूर्ण और प्रतिष्ठा की लड़ाई है.
लगातार 9 बार से जीत रही है बीजेपी
लोजपा (रा) के प्रमुख ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि बांकीपुर की जनता जिस भी उम्मीदवार को चुनकर विधानसभा भेजेगी, वह बीजेपी और एनडीए समर्थित प्रत्याशी ही होगा. चुनाव के बीच में उम्मीदवार बदलना कोई नई बात नहीं है और देश की राजनीति में ऐसा पहले भी कई बार होता रहा है. चिराग ने कहा कि बांकीपुर का राजनीतिक महत्व इसलिए भी बहुत ज्यादा है क्योंकि यह देश की सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से जुड़ी हुई सीट है. उन्होंने जनता से ऐसा जनप्रतिनिधि चुनने की अपील की जो केंद्र और राज्य सरकार के साथ मिलकर क्षेत्र का विकास कर सके. उन्होंने याद दिलाया कि बांकीपुर की जनता इस सीट की अहमियत को बहुत अच्छी तरह समझती है, तभी तो यहां लगातार नौ बार से बीजेपी के विधायक जीतते आ रहे हैं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
चेहरा नहीं, पीएम मोदी और सम्राट चौधरी की सोच महत्वपूर्ण
चिराग पासवान ने उम्मीद जताई कि इस बार भी एनडीए की ही जीत होगी. उन्होंने कहा कि चुनाव में प्रत्याशी कौन है, यह उतना महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि सबसे अहम बात यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की विकासवादी सोच वाला व्यक्ति ही चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे. इसी दौरान उन्होंने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पर हमला बोला. चिराग ने दावा किया कि बांकीपुर सीट पर जन सुराज का खाता तक नहीं खुलेगा. उन्होंने प्रशांत किशोर पर समाज में अशांति फैलाने और अराजकता की सोच को बढ़ावा देने की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि उनके पास बिहार के विकास के लिए कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं है.
उत्तर प्रदेश में भी चुनाव लड़ेगी लोजपा (रा)
बिहार के साथ-साथ चिराग पासवान ने उत्तर प्रदेश की राजनीति को लेकर भी अपनी पार्टी का रुख साफ किया. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश के भीतर भी एनडीए गठबंधन का विस्तार देखने को मिल सकता है. लोजपा (रा) फिलहाल यूपी में अपने संगठन को तेजी से मजबूत करने में जुटी है. उन्होंने घोषणा की कि लोजपा यूपी में होने वाले आगामी चुनाव जरूर लड़ेगी. पार्टी के चुनाव प्रभारी अरुण भारती के नेतृत्व में वहां लगातार संगठनात्मक कार्यक्रम किए जा रहे हैं. चिराग ने कहा कि यूपी में भविष्य के गठबंधन का स्वरूप क्या होगा, यह कहना अभी थोड़ा जल्दबाजी होगी, लेकिन फिलहाल हमारी प्राथमिकता सिर्फ और सिर्फ संगठन को मजबूत करने पर है.