बेनीवाल के काफिले में घुसी कार में तोड़फोड़ करने-वाला गिरफ्तार:बाड़मेर पुलिस ने 10 दिन बाद पकड़ा

बाड़मेर। नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के काफिले में घुसी कार में समर्थकों ने सरिये, डंडों और लातों से जमकर तोड़फोड़ करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार में तोड़फोड़ का एक वीडियो भी सामने आया था।

दरअसल, घटना 3 जुलाई को जिले के दांता गांव के पास हुई थी, जब सांसद हनुमान बेनीवाल बाड़मेर दौरे पर आए थे। देरासर जाने के दौरान बीच रास्ते में उनके समर्थकों ने तोड़फोड़ की थी। फिलहाल पुलिस आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है।

पुलिस के अनुसार, कोटड़ा हाथीसिंह का गांव निवासी श्रवण सिंह ने 3 जुलाई को रिपोर्ट दी थी। इसमें बताया- इनोवा कार बसरा गांव से देरासर बाड़मेर रोड़ पर दांता मोहन गौशाला के पास पहुंचा। जैसे ही सामने से नागौर के सांसद का काफिला को आते देखा तो मैंने मेरी गाडी को रोड के एक तरफ साइड में खड़ी कर दी। इतने में सोहनलाल समेत अन्य लोगों ने मेरे साथ मारपीट कर मेरे वाहन में तोड़फोड़ शुरू कर दी। पुलिस ने रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

एसपी चूनाराम जाट ने बताया- क्राइम को रोकने और वांटेड आरोपियों को पकड़ने के लिए एएसपी नितेश आर्य, डीएसपी रमेश कुमा शर्मा के सुपरविजन ग्रामीण थानाधिकारी जसवंतसिह के नेतृत्व में टीम बनाई गई। टीम ने वीडियो में दिखने वाले, तकनीकी और सूचना के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू की। जांच में आरोपी जेठाराम (43) पुत्र जसवंतराम निवासी बुडीयों का तला लीलसर पुलिस थाना चौहटन को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस टीम फिलहाल आरोपी से अन्य साथियों को लेकर पूछताछ कर रही है। कार्रवाई में एएसआई लाधुराम, कांस्टेबल बाबुराम, रतनसिह और प्रेम कुमार शामिल रहें।