मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के बरला गांव में रविवार को आयोजित सनातनी पंचायत में कांवड़ यात्रा-2026 से पहले कांवड़ मार्ग पर संचालित होटल, ढाबों और दुकानों के सत्यापन का मुद्दा उठाया गया। योग साधना केंद्र के संस्थापक स्वामी यशवीर महाराज ने अपने संगठन के ‘पहचान अभियान’ को और तेज करने का ऐलान किया। पंचायत दोपहर से शुरू होकर शाम करीब पांच बजे तक चली।
सभा को संबोधित करते हुए स्वामी यशवीर महाराज ने प्रशासन से मांग की कि कांवड़ मार्ग पर स्थित सभी होटल, रेस्टोरेंट, चाय, जूस और पान की दुकानों समेत अन्य प्रतिष्ठानों के संचालकों और कर्मचारियों का सत्यापन कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठानों के बाहर संचालक और कर्मचारियों की पहचान से जुड़ी जानकारी प्रदर्शित की जानी चाहिए।
तीन साल से चलाने का दावा
स्वामी यशवीर महाराज ने दावा किया कि कुछ लोग अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर व्यवसाय कर रहे हैं, जिससे कांवड़ यात्रियों की धार्मिक भावनाएं प्रभावित हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि उनका संगठन पिछले तीन वर्षों से हरिद्वार, मुजफ्फरनगर, मेरठ और गाजियाबाद समेत कई कांवड़ मार्गों पर यह अभियान चला रहा है।
युवाओं से अभियान में जुड़ने की अपील
पंचायत में स्वामी यशवीर महाराज ने मौजूद युवाओं से पहचान अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। इस दौरान सभा में धार्मिक नारे भी लगाए गए। उन्होंने कांवड़ यात्रियों से भी अपील की कि किसी भी प्रतिष्ठान से खरीदारी करने से पहले संबंधित व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित करें।
मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
स्वामी यशवीर महाराज ने कहा कि यदि प्रशासन उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं करता और पहचान छिपाकर व्यवसाय करने वालों के खिलाफ कदम नहीं उठाए जाते, तो उनका संगठन संबंधित प्रतिष्ठानों के बाहर धरना-प्रदर्शन करेगा। उन्होंने कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले पूरे मार्ग पर व्यापक सत्यापन अभियान चलाने की मांग की।