मुजफ्फरनगर: यूपी के मुजफ्फरनगर स्थित जिला परिषद मार्केट में एक युवक और युवती के साथ भीड़ ने मारपीट की। इंटरनेट पर सामने आए वीडियो में लाल टी-शर्ट पहने हुए एक युवक पर कई लोग हमला करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि उसके साथ मौजूद युवती उसे बचाने का प्रयास करती नजर आती है। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को सुरक्षित निकालकर थाने ले गई। मामले की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि युवक मुस्लिम समुदाय से है, जबकि युवती हिंदू है। दोनों शामली के थानाभवन क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक उनकी पहचान और अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
युवक ने अपना नाम आशु शर्मा बताया
जानकारी के अनुसार, युवक और युवती एक जलपान की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने दोनों की पहचान और अलग-अलग धर्म से होने को लेकर सवाल उठाए। आरोप है कि युवक ने पहले अपना नाम आशु शर्मा बताया, लेकिन बाद में उसकी पहचान को लेकर विवाद खड़ा हो गया। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और देखते ही देखते युवक के साथ मारपीट शुरू हो गई। वायरल वीडियो में युवती लगातार युवक को भीड़ से बचाने की कोशिश करती दिखाई दे रही है। आरोप है कि इस दौरान उसके साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किया गया।
भीड़ से बचाकर थाने ले गई पुलिस
सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को भीड़ के बीच से निकालकर सिविल लाइन थाने ले गई। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम के हर पहलू की जांच की जा रही है। घटना को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं, जिनकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
क्या बोले एसपी सिटी अमृत जैन?
एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पीड़ित युवक को थाने लाया गया और उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों से तहरीर मिलने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बजरंग दल कार्यकर्ता ने आरोपों से किया इनकार
वहीं, घटना के दौरान मौजूद रहे और स्वयं को बजरंग दल का कार्यकर्ता बताने वाले प्रशांत ने मारपीट के आरोपों से इनकार किया। उनका कहना है कि उन्हें युवक के व्यवहार पर संदेह हुआ, इसलिए उन्होंने उससे नाम पूछा। पहले युवक ने खुद को आशु शर्मा बताया, लेकिन बाद में मुस्लिम होने की बात कही। प्रशांत का दावा है कि उन्होंने केवल पूछताछ की थी और भीड़ द्वारा हुई मारपीट में उनकी कोई भूमिका नहीं थी। उन्होंने कहा कि पुलिस को सूचना भी उनकी ओर से ही दी गई थी और अब पूरे मामले की जांच पुलिस कर रही है।