Sex Education in Schools: देश के स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ाई का तरीका आने वाले समय में बदल सकता है. अब छात्रों को केवल किताबों तक सीमित शिक्षा ही नहीं, बल्कि यौन स्वास्थ्य और व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़ी जरूरी जानकारी भी पढ़ाई जा सकती है. केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि कॉम्प्रिहेंसिव सेक्स एजुकेशन को शिक्षा व्यवस्था का हिस्सा बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है. इस पहल का मकसद बच्चों और युवाओं को उम्र के अनुसार सही और वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध कराना है.
सुप्रीम कोर्ट में दाखिल अपने जवाब में केंद्र सरकार ने कहा कि शिक्षा विशेषज्ञों की मदद से ऐसा सिलेबस तैयार किया जा रहा है, जिससे छात्र-छात्राओं को यौन स्वास्थ्य, शारीरिक बदलाव, सुरक्षित व्यवहार और सम्मानजनक रिश्तों जैसी बातों की सही जानकारी मिल सके. सरकार का मानना है कि इससे इस विषय को लेकर समाज में बनी झिझक भी धीरे-धीरे कम होगी.
सिर्फ प्रजनन नहीं, कई अहम विषय होंगे शामिल
प्रस्तावित यौन शिक्षा का दायरा सिर्फ प्रजनन संबंधी जानकारी तक सीमित नहीं रहेगा. इसमें किशोरावस्था के दौरान होने वाले शारीरिक और मानसिक बदलाव, सहमति, लैंगिक समानता, ऑनलाइन सुरक्षा, व्यक्तिगत सीमाओं का सम्मान और स्वस्थ रिश्तों जैसे विषयों को भी शामिल किया जा सकता है. इसका उद्देश्य छात्रों को जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने में मदद करना है.
बच्चों की सुरक्षा पर रहेगा खास जोर
सरकार ने कोर्ट को ये भी बताया कि सिलेबस में बाल यौन शोषण से बचाव से जुड़े विषयों को भी जगह देने पर विचार किया जा रहा है. बच्चों को ये समझाया जाएगा कि अच्छा और बुरा स्पर्श क्या होता है, किसी भी गलत हरकत की पहचान कैसे करें और ऐसी स्थिति में किससे मदद लें. इससे बच्चों की सुरक्षा और जागरूकता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है.
क्यों महसूस हुई इसकी जरूरत?
विशेषज्ञों का कहना है कि इंटरनेट और सोशल मीडिया के दौर में बच्चों तक सही और गलत, दोनों तरह की जानकारी आसानी से पहुंच रही है. ऐसे में यदि उन्हें स्कूल स्तर पर वैज्ञानिक और भरोसेमंद जानकारी मिलेगी, तो वो भ्रम और अफवाहों से बच सकेंगे. साथ ही अपने स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े फैसले भी बेहतर तरीके से ले पाएंगे.
फिलहाल, केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के सामने अपनी योजना की जानकारी दी है. हालांकि, अभी ये तय नहीं हुआ है कि ये विषय किस कक्षा से पढ़ाया जाएगा, इसका सिलेबस कैसा होगा और इसे कब से लागू किया जाएगा. इन सभी पहलुओं पर आगे संबंधित एजेंसियां और शिक्षा विशेषज्ञ अंतिम फैसला लेंगे.
क्या होगा फायदा?
अगर ये पहल लागू होती है, तो छात्रों को कम उम्र में ही सही और वैज्ञानिक जानकारी मिलेगी. इससे यौन स्वास्थ्य को लेकर फैली गलतफहमियां कम होंगी, बच्चों की सुरक्षा मजबूत होगी और समाज में इस विषय पर खुलकर और जिम्मेदारी के साथ बातचीत करने का माहौल तैयार हो सकेगा.