राजस्‍थान में कल से बदल जाएगा मॉनसून, जयपुर, भरतपुर और बीकानेर में बारिश की फुहार

राजस्थान में मॉनसून का दौर थम सा गया है. आज से प्रदेश में मॉनसून के फिर से लौटने की संभावना थी, लेकिन बारिश की उम्मीद नजर नहीं आ रही है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 6 दिन तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना जताई है. आज जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में हल्की बौछारें पड़ सकती हैं, लेकिन मानसून की बरसात के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है.

अलवर-श्रीगंगानगर में बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान अलवर, श्रीगंगानगर और कोटपूतली-बहरोड़ में कुछ जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की गई. मानसून में लंबे ब्रेक के कारण खरीफ फसलों पर असर दिखने लगा है. प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 13 प्रतिशत कम बारिश दर्ज हुई है. इससे मोटे अनाज और दालों की फसलें सूखने लगी हैं और नुकसान की आशंका बढ़ गई है.

19 जुलाई से फिर सक्रिय होगा मॉनसून
भारतीय मौसम विभाग की सैटेलाइट इमेज के अनुसार 10 जुलाई से राजस्थान के ऊपर बादलों की कमी बनी हुई है, जिसके कारण बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ी हैं. हालांकि, मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि 19 जुलाई से मानसून फिर सक्रिय हो सकता है. इसी दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी प्रवेश करेगा, जिससे बारिश में तेजी आने की संभावना है. फिलहाल राज्य में भारी बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है.

कम बारिश होने से बढ़ने लगी गर्मी
बारिश कम होने से प्रदेश में गर्मी भी बढ़ने लगी है. राज्य में सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया. इसके अलावा जैसलमेर में 39.0 डिग्री और बीकानेर में 38.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ. प्रदेश में गर्मी और उमस का असर बना हुआ है.