मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे पुलिस ने एक अंतरराज्यीय कार गिरोह के चार बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी जबकि तीन अन्य आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया।
आरोपी अलग-अलग राज्यों से लग्जरी कारें चोरी कर बेचते थे। चारों आरोपियों पर चोरी के मामले में करीब साढ़े तीन दर्जन मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। घायल आरोपी को इलाज के लिए सीएचसी बुढ़ाना में भर्ती कराया गया है।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि चोरी की गई गाड़ियां म्यांमार सप्लाई करते थे। बदमाशों के कब्जे से पांच लग्जरी कारें, एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और चोरी करने के उपकरण बरामद किए हैं।
जानिए पूरा मामला….
बुढ़ाना क्षेत्राधिकारी गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक सुभाष अत्री नेतृत्व में शुक्रवार की सुबह करीब 8 बजे कांधला मार्ग स्थित लकड़ी आढ़त के पास चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि विज्ञाना मार्ग पर चार बदमाश चोरी की कारों की खरीद-फरोख्त करने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
खुद को पुलिस टीम से घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई। गोली लगने से एक बदमाश राजू उर्फ योगेश घायल हो गया। उसके तीन साथी आसिफ कमाल (पश्चिम बंगाल), अनिल और प्रदीप कौशिक को कांबिंग अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घायल आरोपी को इलाज के लिए सीएचसी बुढ़ाना में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बदमाशों पर विभिन्न राज्यों में करीब साढ़े तीन दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों के नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
पांच लग्जरी कारें-अवैध हथियार मिले
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 लग्जरी कारें पकड़ी है। इनमें थार, स्कॉर्पियो, दो ब्रेजा, एक हुंडई कार शामिल हैं। कारें हरियाणा, पश्चिम बंगाल राज्यों की हैं। कारों के अलावा आरोपियों के पास से तमंचा, 2 जिंदा कारतूस, चोरी करने के लिए इस्तेमाल किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी मिले हैं।
म्यामांर में सप्लाई करते थे चोरी की गाड़ियां
गिरप्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया की चोरी की गई गाड़ियों को नेटवर्क के जरिए देश से बाहर म्यामांर में बेचते थे। जिसका मोटा मुनाफा उन्हें मिलता था।