मुजफ्फरनगर। दिल्ली-देहरादून हाइवे पर मुजफ्फरनगर से मेरठ जा रही भैंसाली डिपो की सीएनजी चलित रोडवेज बस में अचानक आग लगी गई। चालक एवं परिचालक की सतर्कता से बस में सवार 45 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान यात्रियों में अफरा-तफरी मची रही।
मंसूरपुर थाना क्षेत्र के दिल्ली-देहरादून हाईवे पर वहलना बस स्टाप के सामने करीब तीन बजे मेरठ के भैंसाली डिपो की रोडवेज बस (यूपी-87टी 1760) में चलते हुए अचानक आग लग गई। बस में करीब 45 यात्री सवार थे। चालक अजय एवं परिचालक विपिन ने तीन से चार मिनट के भीतर सभी यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला।
बस के नीचने हिस्से में लगे सीएनजी सिलेंडर में गैस का रिसाव शुरू हो गया। गनीमत रही कि इतने में दमकल की टीम पहुंच गई और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। हादसे के बार हाइवे पर वाहनों की लाइन लग गई। मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों ने यातायात व्यवस्था को सुचारू किया।
इंजन के पास वायरिंग में शॉर्ट सर्किट से लगी आग
भैंसाली डिपो की रोडवेज बस जब वहलना बस स्टाप के नजदीक पहुंची तो इंजन पास वायरिंग में शॉर्ट सर्किट हुआ। जिसके चलते इंजन में आग लग गई। चालक ने तुरंत बस को रोक दिया। जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बस से उतरकर चालक और परिचालक ने आगे और पीछे के दरवाजे से सभी यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित निकालना शुरू किया।
वहीं, घटनास्थल से महज 70 मीटर दूर यातायात पुलिस के पिकेट पाइंट पर तैनात पुलिसकर्मी बस की ओर दौड़ पड़े। सभी ने यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। देखते ही देखते चार मिनट के भीतर ही बस आग का गोला बन गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हाईवे पर यातायात बाधित हो गया।
परिचालक विपिन ने बताया कि 45 यात्रियों में से 22 के टिकट काटे जा चुके थे। दूसरी रोडवेज बस मंगवाकर 22 यात्रियों के टिकट ट्रांसफर कराए गए और उनको गंतव्य की ओर रवाना किया गया। वहीं अन्य यात्री दूसरे वाहनों से रवाना हुए।