हिमाचल में भारी बारिश, चंबा में चलती गाड़ी पर दरका पहाड़; मौत के मुंह से बच निकले वाहन सवार

चंबा। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का विपरीत असर भी दिखने लगा है। चंबा में चुवाड़ी-भराड़ी मार्ग पर शनिवार सुबह भारी भूस्खलन के कारण सड़क का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह से ध्वस्त हो गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहा एक वाहन भी इस भूस्खलन की चपेट में आकर मलबे के बीच फंस गया। गनीमत यह रही कि समय रहते वाहन सवार सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। वाहन सवार मौत के मुंह से बच निकले। इस हादसे की वजह से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है, जिससे दोनों ओर वाहनों का जाम लग गया और यात्रियों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा।

भूस्खलन से सड़क का हिस्सा खाई में समाया
भूस्खलन शनिवार सुबह करीब 8:00 बजे हुआ। पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें मुख्य सड़क पर आ गिरीं। भूस्खलन इतना भीषण था कि सड़क का एक बड़ा भाग टूटकर खाई में समा गया।

मशीनों की मदद से निकाला वाहन
घटना की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग की टीम राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंची। विभाग द्वारा तुरंत दो जेसीबी मशीनों को काम पर लगाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर तक मलबे में फंसे वाहन को पूरी तरह से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद विभाग ने बंद पड़े मार्ग को खोलने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य शुरू कर दिया है। मार्ग बंद होने के कारण लंबी दूरी के यात्रियों, खासकर जरूरी काम से निकले लोगों को घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ी।

क्या कहते हैं अधिशासी अभियंता
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता नरेंद्र चौधरी ने बताया कि शनिवार सुबह भूस्खलन के कारण चुवाड़ी-भराड़ी रोड का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। सूचना मिलते ही विभाग की टीम और दो जेसीबी मशीनें मौके पर तैनात कर दी गईं। मलबे में फंसे वाहन को सुरक्षित निकाल लिया है। पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने के कारण काम में थोड़ी बाधा आ रही है, लेकिन मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए विभाग युद्ध स्तर पर जुटा हुआ है। जल्द ही यातायात को सुचारू कर दिया जाएगा।