नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप पर बवाल, घर में मिस्त्री का कर रहे थे काम

सिरमौर: जिले के शिलाई क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर बाहरी राज्य ले जाने के आरोप को लेकर शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ. स्थानीय लोगों ने संदिग्ध युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल रहा, जबकि इससे जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

मकान निर्माण कार्य में लगे थे युवक

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार संबंधित युवक शिलाई क्षेत्र में एक मकान निर्माण कार्य में लगे हुए थे. बताया जा रहा है कि किशोरी भी वहीं अपनी दादी के साथ रहती थी. आरोप है कि युवक किशोरी को अपने साथ बाहरी राज्य ले जाने का प्रयास कर रहे थे, जैसे ही स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी मिली, वे मौके पर पहुंच गए और युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.

सार्वजनिक रूप से मंगवाई माफी, वीडियो वायरल

घटना के दौरान काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही. स्थानीय लोगों ने कथित तौर पर किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए युवकों से सार्वजनिक रूप से माफी भी मंगवाई. इस घटनाक्रम के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. हालांकि, वायरल वीडियो और सोशल मीडिया पर प्रसारित दावों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है.

किशोरी सुरक्षित, पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने किशोरी को अपने संरक्षण में लेकर उसके बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही परिजनों के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. जांच जारी है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सिरमौर योगेश रोल्टा ने बताया कि ‘इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.’