‘आमिर खान लव-जिहाद को बढ़ावा दे रहा’, सलमान के बाद अब मि. परफेक्शनिस्ट को लॉरेंस बिश्नोई की धमकी

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को पहले मिल चुकी धमकियों के बाद अब अभिनेता आमिर खान का नाम भी चर्चा में है. सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से एक कथित पोस्ट और ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आमिर खान को लेकर धमकी भरे शब्द लिखे और बोले गए हैं. हालांकि, इस पोस्ट और ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और इसकी सत्यता की जांच अभी बाकी है. वहीं इस मामले को लेकर क्राइम ब्रांच जांच में जुट गई है.

वायरल पोस्ट में खुद को ‘आरजू बिश्नोई’ और ‘टायसन बिश्नोई’ बताते हुए दावा किया गया है कि वे लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप से जुड़े हैं. पोस्ट में आमिर खान पर देश की संस्कृति और सनातन धर्म के खिलाफ काम करने तथा ‘लव जिहाद’ को बढ़ावा देने जैसे आरोप लगाए गए हैं. पोस्ट में धमकी भरे अंदाज में लिखा गया है कि जो भी इस तरह की गतिविधियों को बढ़ावा देगा, उसे अपने तरीके से जवाब दिया जाएगा. इसमें यह भी कहा गया है कि स्टारडम के नाम पर ऐसी चीजों को बढ़ावा देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.

राजस्थान की घटना का भी किया गया जिक्र
वायरल संदेश में राजस्थान के श्रीगंगानगर में एक मासूम बच्ची के साथ हुई कथित घटना का भी उल्लेख किया गया है. पोस्ट में दावा किया गया है कि प्रशासन ने कार्रवाई की, लेकिन कुछ राजनीतिक नेताओं पर आरोप लगाया गया है कि वे आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं. संदेश में चेतावनी दी गई है कि यदि कोई भी व्यक्ति या नेता ऐसे लोगों का साथ देता है, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. हालांकि, इन दावों की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

दो लोगों का नाम लेकर श्रद्धांजलि भी दी गई
पोस्ट के अंत में ‘परवेश’ और ‘हिमांशु’ नाम के दो लोगों का जिक्र करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई है. साथ ही यह दावा किया गया है कि उनके बलिदान को व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा और दुश्मनों को जवाब दिया जाएगा.

पोस्ट और ऑडियो की नहीं हुई आधिकारिक पुष्टि
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वायरल पोस्ट और ऑडियो वास्तव में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े किसी व्यक्ति ने जारी किए हैं या नहीं. किसी भी जांच एजेंसी या पुलिस की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली ऐसी सामग्री की सत्यता की पुष्टि होने से पहले उस पर भरोसा करना उचित नहीं माना जाता. यदि जांच एजेंसियां इस मामले में कोई आधिकारिक जानकारी जारी करती हैं, तभी स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी.