दिल्ली प्रदर्शन पर किसान नेता राकेश टिकैत की दो टूक: बोले- ‘युवाओं की आवाज सुने सरकार

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में दिल्ली में चल रहे युवा प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई को लेकर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत का बयान सामने आया है। उन्होंने सुबह करीब 11 बजे फेसबुक लाइव के माध्यम से कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं की मांगों को सरकार को गंभीरता से सुनना चाहिए। साथ ही उन्होंने प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा भूख हड़ताल पर बैठे लोगों को हिरासत में लेकर अस्पताल ले जाने की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए।

राकेश टिकैत ने कहा कि यदि प्रदर्शनकारियों की स्वास्थ्य संबंधी चिंता थी तो बातचीत के जरिए समाधान निकाला जा सकता था, लेकिन जबरन धरना स्थल में प्रवेश कर लोगों को उठाकर अस्पताल ले जाना उचित नहीं था। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई का भारतीय किसान यूनियन विरोध करती है।

उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर बैठे युवा देश के महत्वपूर्ण मुद्दों को उठा रहे हैं और सरकार को उनकी बात गंभीरता से सुननी चाहिए। टिकैत ने कहा कि 21 जुलाई को प्रस्तावित किसान पंचायत में भी इस विषय को शामिल किया जाएगा और युवाओं के मुद्दों पर चर्चा होगी।

राकेश टिकैत ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) आंदोलन के साथ खड़ा है और युवाओं की लोकतांत्रिक आवाज का समर्थन करता है। हालांकि उन्होंने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की भी अपील की।

उन्होंने कहा कि 20 जुलाई को प्रस्तावित कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से होना चाहिए। किसी भी प्रकार की हिंसा से बचना जरूरी है। साथ ही उन्होंने प्रदर्शन में शामिल लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि बाहरी और असामाजिक तत्व आंदोलन में शामिल होने की कोशिश कर सकते हैं, इसलिए उनकी पहचान करना भी आवश्यक है।