चरखी दादरी। हरिद्वार घूमने के लालच में आकर गांधी नगर निवासी एक युवक ने दो दोस्तों के कहने पर अपने ही घर से गहनों की चोरी करवा दी। युवक की मां ने मामले की शिकायत शहर थाना पुलिस को दी है जिसके आधार पर पुलिस ने शिकायकर्ता महिला के बेटे और उसके दो दोस्तों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में गांधी नगर निवासी गीता ने बताया कि वह 5 जुलाई को अपने रिश्तेदारों से मिलने चरखी दादरी से बाहर गई हुई थी। इस दौरान घर पर बेटा पवन अकेला था। पीड़िता ने बताया कि जब वह 7 जुलाई को वापस लौटी तो उन्हें घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले।
जब उन्होंने अपने बेटे पवन से पूछताछ की तो उसने पूरी घटना का खुलासा किया। पवन ने बताया कि 6 जुलाई को गांधी नगर निवासी घोचू और विनीत उसके पास आए थे। उन्होंने उसे हरिद्वार घूमने जाने का लालच दिया और यात्रा के खर्च के लिए घर से पैसे लाने को कहा। घर में नकदी न मिलने पर आरोपियों ने पवन को उकसाया, जिसके बाद पवन ने अपनी मां की जानकारी के बिना घर में रखे आभूषण निकालकर आरोपियों को सौंप दिए।
ये गहने किए गए चोरी
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी युवक अपने साथ सोने के दो जोड़ी कानों के झुमके, चांदी की दो जोड़ी पायल, गले के चांदी के दो मंगलसूत्र और चांदी के दो हाथ के कड़े लेकर फरार हो गए। पीड़िता ने जब आरोपियों से अपने जेवर वापस मांगने की कोशिश की, तो वे लगातार टालमटोल करते रहे और बाद में साफ मना कर दिया।