मुजफ्फरनगर में कांवड़िए से गाली-गलौज: गाड़ी की साइड लगने पर विवाद

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में कांवड़ यात्रा के दौरान सड़क पर विवाद का एक मामला सामने आया है। शाहपुर थाना क्षेत्र में एक गाड़ी की साइड लगने को लेकर स्थानीय व्यक्ति और कांवड़िए के बीच तीखी बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर व्यक्ति ने कांवड़िए के साथ गाली-गलौज की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, गाली-गलौज करने वाला आरोपी व्यक्ति शाहपुर क्षेत्र के एक गांव का निवासी बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई।

शाहपुर थाना पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को कब्जे में लेकर उसकी गहनता से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वीडियो के आधार पर आरोपी व्यक्ति की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने पुष्टि की कि कांवड़िए के साथ गाली-गलौज करने वाले व्यक्ति की जांच की जा रही है। कांवड़ यात्रा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार मुस्तैद है और लोगों से संयम बरतने की अपील कर रहा है।