उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी का पेपर लीक: प्रोफेसर ने वॉट्सऐप पर भेजा पेपर, हजारों छात्रों का भविष्य अधर में लटकाया

देहरादून: देशभर में पेपर लीक को लेकर मचे बवाल के बीच अब उत्तराखंड की सबसे बड़ी यूनिवर्सिटियों में से एक उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी (UTU) की दो सेमेस्टर परीक्षाओं के प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले ही लीक हो गए।

जांच में आरोप सही मिलने के बाद यूनिवर्सिटी ने दोनों परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। इस फैसले से प्रदेश के 12 इंजीनियरिंग कॉलेजों के हजारों छात्रों को दोबारा परीक्षा देनी होगी। यूनिवर्सिटी की जांच में सामने आया कि देहरादून स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आशीष कुमार गुप्ता ने कथित तौर पर प्रश्नपत्र छात्रों के वॉट्सऐप ग्रुप और एक ऑनलाइन पोर्टल पर शेयर कर दिए।

मामला सामने आते ही वाइस चांसलर के निर्देश पर उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की गई। वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी (UTU) समिति और कॉलेज की आंतरिक जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए। सीएम धामी ने मामले पर सख्ती से कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी को कभी भी देहरादून पुलिस गिरफ्तार कर सकती है।

UTU ने कड़ी कार्रवाई करते हुए डॉ. आशीष कुमार गुप्ता को अगले 7 सालों तक यूनिवर्सिटी की किसी भी परीक्षा संबंधी जिम्मेदारी से प्रतिबंधित कर दिया है। वहीं, परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने में लापरवाही पर शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग को भी कड़ी चेतावनी जारी की गई है।

अगस्त के तीसरे सप्ताह में होगी दोबारा परीक्षा

परीक्षा नियंत्रक डॉ. वीके पटेल ने बताया कि ‘मशीन लर्निंग फॉर इंटरनेट ऑफ थिंग्स’ और ‘इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फील्ड थ्योरी’ विषयों की परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। अब दोनों पेपर अगस्त के तीसरे हफ्ते में दोबारा कराए जाएंगे। नई परीक्षा तिथि और परीक्षा केंद्रों की सूची जल्द यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर जारी होगी।

इन 12 इंजीनियरिंग कॉलेजों के छात्र प्रभावित

बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड साइंसेज, भीमताल
तुलाज इंस्टीट्यूट, देहरादून
बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं प्रौद्योगिकी संस्थान, द्वाराहाट
रुड़की इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, रुड़की
शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, देहरादून
जयरामभाई पटेल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून
माया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून
बाबा फरीद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून
टीएचडीसी इंस्टीट्यूट ऑफ हाइड्रोपावर इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, टिहरी
नन्हीं परी सीमांत इंजीनियरिंग संस्थान, पिथौरागढ़
वूमेन्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून
इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, गोपेश्वर
दो दिन पहले बच्चों ने किया था पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन

पेपर लीक की पुष्टि से दो दिन पहले यानी मंगलवार को छात्रों ने देहरादून में प्रदर्शन कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की थी। इस दौरान छात्रों की पुलिस से झड़प भी हुई थी। पुलिस प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वॉटर कैनन लेकर पहुंची थी। इसी दौरान छात्रों ने कहा था कि वे आतंकवादी नहीं, बल्कि इस देश के नागरिक हैं। इस प्रदर्शन का नेतृत्व उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने किया था।