भिवानी ; भिवानी पुलिस की सीआईए-2 टीम ने होटल संचालक को कथित रूप से ब्लैकमेल कर रुपये ऐंठने के आरोप में हरियाणा पुलिस के एक सिपाही और उसकी दो महिला सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के कब्जे से पीड़ित से ठगे गए 4 लाख 47 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं।
डीएसपी अनूप कुमार ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर बताया कि गिरफ्तार आरोपी नरेंद्र गुरुग्राम में सिपाही है और भिवानी के दिनोद गांव का रहने वाला है। उसके साथ पुष्पा और ममता नामक दो महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, तीनों ने मिलकर एक होटल संचालक को ब्लैकमेल करने की साजिश रची थी।
पुलिस का कहना है कि योजना के तहत पुष्पा नौकरी की तलाश के बहाने भिवानी स्थित क्राउन प्लाजा होटल पहुंची। आरोप है कि नौकरी नहीं मिलने के बाद उसने कार्यालय में आपत्तिजनक स्थिति उत्पन्न कर दी। इसी दौरान वहां मौजूद सिपाही नरेंद्र ने घटना का वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर होटल संचालक से पांच लाख रुपये की मांग की गई।
डीएसपी के अनुसार, कथित दबाव में होटल संचालक ने आरोपियों को 4 लाख 47 हजार रुपये दे दिए। इसके बाद भी आरोपी लगातार फोन कर दो लाख रुपये और मांगते रहे। परेशान होकर पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर सीआईए-2 ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान यदि अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उन्हें भी केस में शामिल किया जाएगा।