पटना: बिहार में जमीन माफियाओं और पेपर लीक में शामिल लोगों के खिलाफ अब और भी सख्त कार्रवाई हो सकेगी। दरअसल राज्य की सम्राट चौधरी सरकार ने अपराध नियंत्रण कानून को और सख्त बनाते हुए संगठित अपराध और भूमि माफिया को भी इसके दायरे में लाया है। बुधवार को इस संबंध में विधानसभा में बिहार अपराध नियंत्रण (संशोधन) विधेयक 2026 पारित हो गया। इसके तहत पेपर लीक से संबंधित गिरोहों, विस्फोटक पदार्थ, किसी व्यक्ति को संपत्ति से बेदखल करना, सरकारी संपत्ति के व्यापक नुकसान और वन क्षेत्र के उत्पाद एवं वन्य जीवों के व्यापक नुकसान जैसे मामलों को भी इस कानून के दायरे में लाया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि बदलते समय में अपराध की प्रकृति भी बदल रही है। साइबर अपराध, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और संगठित अपराधों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए कानून को मजबूत बनाया गया है। संशोधन के तहत सोशल मीडिया पर गाली-गलौज, अभद्र भाषा या किसी व्यक्ति के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करने वालों के विरुद्ध भी बिहार अपराध नियंत्रण कानून के तहत कार्रवाई की जा सकेगी। ऐसे मामलों में छह महीने से एक वर्ष तक की सजा का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रश्नपत्र लीक जैसे अपराधों को भी संगठित अपराध की श्रेणी में शामिल किया गया है, जिससे दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई संभव होगी। यह विधेयक सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बिहार में विशिष्ट विश्वविद्यालय खुलेंगे
बिहार में विशिष्ट विश्वविद्यालयों की स्थापना होगी। इसमें आधुनिक अनुसंधान, तकनीकी नवाचार, शोध एवं मानव संसाधन का उन्नयन हो सकेगा। इन विश्वविद्यालयों से नए वैज्ञानिक दृष्टिकोण तथा रोजगारपरक शिक्षा को बल मिलेगा। विधानसभा ने बुधवार को बिहार विशिष्ट विश्वविद्यालय विधेयक 2026 पर सहमति दी।
इसके पहले सदन में उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर ने विधेयक पेश करते हुए कहा कि राज्य में कम्प्यूटर साइंस, एआई, आर्किटेक्चर विश्वविद्यालय जैसे विशिष्ट शैक्षणिक संस्थानों को खोलने की योजना है। इसी उद्देश्य से यह विधेयक लाया गया है। इसी तरह श्यामा प्रसाद मुखर्जी एआई एवं कम्प्यूटर विज्ञान विश्वविद्यालय की स्थापना के प्रस्ताव पर भी सहमति दी गयी। मुजफ्फरपुर में शहीद जुब्बा सहनी वास्तुकला एवं असैनिक अभियंत्रण विश्वविद्यालय खुलेगा। इसमें वास्तुकला, असैनिक अभियंत्रण एवं उससे संबंधित विषयों में उच्चस्तरीय नवाचार और ज्ञान को प्रोत्साहन मिलेगा।