हिमाचल के शिक्षा मंत्री ने धर्मेंद्र प्रधान से मांगा इस्तीफा, NEET पेपर लीक पर केंद्र सरकार को सुनाई खरी-खोटी

शिमला: NEET पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में सियासी घमासान तेज हो गया है. इस मुद्दे पर कांग्रेस लगातार केंद्र सरकार को घेर रही है. इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने भी केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले ने देश की परीक्षा प्रणाली और व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में युवाओं के बीच असंतोष बढ़ सकता है और हालात गंभीर हो सकते हैं. उन्होंने कहा कि लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती.

‘पूरे सिस्टम पर खड़े हो गए हैं सवाल’
शिक्षा मंत्री ने कहा कि NEET पेपर लीक मामले में सामने आए घटनाक्रम केंद्र सरकार की बड़ी विफलता को दिखाते हैं. उन्होंने कहा कि इस मामले ने पूरे सिस्टम की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है. उन्होंने कहा कि देशभर के युवा इस मुद्दे को लेकर आक्रोशित हैं और उनके मन में परीक्षा प्रक्रिया को लेकर भरोसा कमजोर हुआ है. ऐसे में केंद्र सरकार को जल्द ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि छात्रों का विश्वास दोबारा कायम किया जा सके.

रोहित ठाकुर ने कहा कि इतने बड़े विवाद के बावजूद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का अब तक इस्तीफा न देना दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि जब लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर लगा हो तो जवाबदेही तय होना जरूरी है. उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य में पेपर लीक जैसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए और ऐसी घटनाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जानी चाहिए. साथ ही उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दूसरे राज्यों पर आरोप लगाने के बजाय परीक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत है.

‘पेपर लीक रोकने के लिए हिमाचल ने उठाया कदम’
शिक्षा मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पेपर लीक की घटनाओं को रोकने के लिए कई परीक्षाएं अब कंप्यूटर आधारित माध्यम से करवाई जा रही हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश में घोषित सीबीएसई स्कूलों में 152 प्रिंसिपलों की नियुक्ति की जानी है. आठ जिलों में प्रिंसिपलों की तैनाती हो चुकी है, जबकि चार जिलों में प्रक्रिया अंतिम चरण में है. करीब 9,000 अभ्यर्थियों ने शिक्षक भर्ती परीक्षा दी है और मेरिट के आधार पर नियुक्तियां की जाएंगी. उन्होंने कहा कि अंग्रेजी और गणित विषय के शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि अन्य श्रेणियों की नियुक्तियां 10 अगस्त तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है.

14 हजार भर्तियों का दावा
रोहित ठाकुर ने कहा कि जेबीटी शिक्षकों द्वारा क्लस्टर सिस्टम को लेकर उठाई गई आपत्तियों पर सरकार सकारात्मक तरीके से विचार कर रही है. उन्होंने कहा कि स्कूलों के लिए मंत्रिमंडल से स्वीकृत करीब 3,000 पद जल्द भरे जाएंगे. उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में शिक्षा विभाग में लगभग 14,000 भर्तियां पूरी कर ली जाएंगी, जिससे शिक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी

मंत्री जगत नेगी ने भी केंद्र को घेरा
वहीं, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने भी NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले से जुड़े घटनाक्रम के बीच कई छात्र-छात्राओं ने आत्महत्या की है, जो बेहद चिंताजनक है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को युवाओं के भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए. साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के शासनकाल में हिमाचल प्रदेश में भी पेपर लीक की घटनाएं सामने आई थीं. उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से ऊपर उठाकर पारदर्शी और भरोसेमंद बनाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है.