योगी बोलेः कांवड़ यात्रा पर कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं, नेम प्लेट पर…

सीएम योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार शाम 7 बजे कांवड़ यात्रा और आगामी त्योहारों को लेकर समीक्षा बैठक की। सीएम योगी ने कहा- कांवड़ रूट पर दुकानदारों को नेम प्लेट लगाना जरूरी है। फेक न्यूज फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाए। ऐसे लोगों पर तत्काल एक्शन होना चाहिए।

. सीएम योगी ने यह भी कहा कि मिलावट, ओवररेटिंग और अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। सीएम ने श्रद्धालुओं को सलाह दी कि DJ बजाएं, लेकिन तेज आवाज नहीं होनी चाहिए। सावन माह 30 जुलाई से शुरू हो रहा है। तीन अगस्त को पहला सोमवार है, उस दिन शिवालयों में भारी भीड़ उमड़ेगी।

बैठक में शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा पुलिस कमिश्नर, मंडलायुक्त, डीएम और एसएसपी जुड़े थे। सीएम की 7 बड़ी बातें…. 1- अफवाह फैलाने वालों पर सख्त एक्शन: कांवड़ यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था, यातायात, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं की ऐसी व्यवस्था हो कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। अफवाह फैलाने, सौहार्द बिगाड़ने, मिलावट, ओवररेटिंग और अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। 2- मेरठ मॉडल पूरे प्रदेश में लागू होगा: मेरठ जोन की कांवड़ यात्रा प्रबंधन योजना की सराहना करते हुए इसे प्रदेश के सभी पुलिस जोनों के साथ साझा करने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि अब कांवड़ यात्रा पूरे प्रदेश का आयोजन बन चुकी है, इसलिए सभी जिलों में एक जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। 3- घाटों पर महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम बनाए जाएं: कांवड़ यात्रा मार्गों की क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए। मार्गों पर पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था हो। प्रमुख घाटों पर महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम बनाए जाएं और चिकित्सा शिविरों में एंटी वेनम व एंटी रैबीज इंजेक्शन सहित जरूरी दवाएं उपलब्ध रहें। 4- मांस और शराब की दुकानें रहेंगी बंद: कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस और मदिरा की दुकानें बंद रखी जाएं। खाद्य पदार्थों में मिलावट, गंदगी और ओवररेटिंग पर सख्त कार्रवाई हो। प्रत्येक दुकान पर संचालक का नाम स्पष्ट रूप से लिखा जाए। डीजे की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप रहे। 5- CCTV, ड्रोन और सोशल मीडिया पर निगरानी: संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन से निगरानी बढ़ाने, पुलिस पेट्रोलिंग तेज करने तथा सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों का तत्काल खंडन करने के निर्देश दिए। सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 6- बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भी सतर्क रहें: जिन नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है, वहां घाटों पर सुरक्षा बढ़ाई जाए। संभावित बाढ़ और कटान वाले इलाकों में पहले से सभी जरूरी इंतजाम पूरे रखे जाएं। 7- कोटेदारों के उत्पीड़न और ओवर बिलिंग पर भी सख्ती: कोटेदारों के उत्पीड़न की शिकायतों पर चिंता जताते हुए भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ तत्काल निलंबन और विजिलेंस जांच के निर्देश दिए। वहीं बिजली उपभोक्ताओं की ओवर बिलिंग की शिकायतों का तत्काल समाधान करने और वास्तविक खपत के अनुसार ही बिल जारी करने के निर्देश भी दिए। यूपी में कांवड़ यात्रा का रूट 200 किमी लंबा, पूरा रास्ता पैदल तय करते हैं श्रद्धालु उत्तर प्रदेश में सावन के महीने में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा में देश के अलग-अलग राज्यों के श्रद्धालु शामिल होतें हैं। इन्हें कांवड़िया कहा जाता है। ये कांवड़िए हरिद्वार से गंगा जल लेकर अलग-अलग शहरों में बने शिवालयों में जलाभिषेक करते हैं। कांवड़ यात्रा का रूट नीचे दिए ग्राफिक से समझिए।