मुजफ्फरनगर। थाना शाहपुर क्षेत्र के गांव पलड़ी में होटल बंद कर घर लौट रहे दो युवकों पर देर रात लाठी-डंडों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर थाना शाहपुर पुलिस ने गांव के ही पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रात 11 बजे होटल बंद कर लौट रहे थे दोनों युवक
पुलिस को दी गई तहरीर में सुऐब उर्फ कासिफ पुत्र राशिद, निवासी ग्राम पलड़ी, थाना शाहपुर ने बताया की रात करीब 11 बजे वह अपने साथी आस मोहम्मद पुत्र ताहिर के साथ होटल बंद कर अपने घर लौट रहा था। दोनों रोज की तरह काम खत्म कर घर जा रहे थे।
पलड़ी नहर पुल पर घेरकर किया हमला
पीड़ित का आरोप है कि जैसे ही दोनों पलड़ी नहर पुल के पास पहुंचे, तभी पहले से मौजूद गांव के आमिर पुत्र नईम, आबिद पुत्र नईम, समीर पुत्र नईम, आदिल पुत्र नईम और जीशान ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि सभी ने बिना किसी उकसावे के लाठी-डंडों से हमला कर दिया और दोनों के साथ जमकर मारपीट की।
शोर सुनकर लोगों के आने की आहट पर भागे आरोपी
तहरीर के अनुसार मारपीट के दौरान जब दोनों युवकों ने शोर मचाया तो आसपास के लोगों के आने की आहट सुनकर आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते-जाते आरोपियों ने दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित ने थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद पीड़ित सुऐब उर्फ कासिफ ने थाना शाहपुर पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी और नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
थाना शाहपुर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर आमिर, आबिद, समीर, आदिल और जीशान के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मौके के साक्ष्य, गवाहों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।