बारिश से बाड़मेर हुआ सराबोर, पश्चिमी राजस्थान में आई ठंडक

जयपुर: राजस्थान में पिछले कुछ दिनों की बारिश अच्छी देखने को मिली। लेकिन अब मानसून का दौर अब धीमा पड़ने लगा है। पूर्वी राजस्थान की बात करें तो यहां अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहा। वहीं पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर संभाग में बीते दिन कई जिलों में इंद्रदेव मेहरबान रहे। जालोर, बाड़मेर, पाली और जोधपुर जिलों में 1 से 3 इंच यानी 90 मिमी तक तक बारिश दर्ज की गई।

जानिए कहां कितनी हुई बारिश
स्टेशन / स्थान 25 जुलाई वर्षा (मिमी) [08:30 से 17:30 बजे तक]
बाड़मेर 33.0
जैसलमेर 17.6
डबोक 4.8
जवाई डेम (पाली) 2.7
संगरिया 2.5
भीलवाड़ा 2.0
प्रतापगढ़ 2.0
कोटा 1.0
जालोर 1.0
दौसा 1.0

जानिए क्यों कमजोर पड़ा मानसून?
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, मानसून की ट्रफ लाइन अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर खिसक गई है। इस वजह से राज्य के पूर्वी हिस्सों में बारिश की गतिविधियों पर ब्रेक लग गया है। 25 जुलाई शनिवार को जयपुर, बीकानेर, अजमेर, कोटा, भरतपुर और उदयपुर संभाग के ज्यादातर इलाकों में आसमान साफ रहा। इस वजह से तापमान में बढ़ोतरी हुई और श्रीगंगानगर में सर्वाधिक 37.5°C तापमान दर्ज किया गया।

जानिए आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने आज 3 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इसी तरह 27 जुलाई को राज्य के ज्यादातर जिलों में धूप खिलेगी और मौसम साफ रहेगा, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की फुल्की बौछारें गिर सकती हैं। 28 जुलाई से पूर्वी राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय होगा और झमाझम बारिश का नया दौर शुरू होगा।