छत्तीसगढ़ में मॉनसून एक्टिव है। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश से कई नदियां उफान पर हैं। दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र के गनियारी गांव के पास शिवनाथ नदी के तेज बहाव में दो बच्चे बह गए। एक बच्चे की लाश बरामद की गई जबकि दूसरे बच्चे की तलाश जारी है। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शनिवार शाम को धान की रोपाई के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
कोरबा में वज्रपात से तीन की मौत
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के छुरी बकरा बाजार में धान की रोपाई कर रहे तीन लोगों (बहोरन पटले, लक्ष्मी चंद पटले और श्याम साहू) की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद कटघोरा थाने के पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचे और पंचनामा समेत अन्य कानूनी कार्रवाई शुरू की। लाशों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है।
उफान पर नदी नाले, दो बच्चे बहे
लगातार हो रही बारिश के कारण छत्तीसगढ़ में कई नदी नाले उफान पर हैं। शुक्रवार की शाम दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र के गनियारी गांव के पास शिवनाथ नदी के तेज बहाव में नहाने गए 2 बच्चे बह गए। एसडीआरएफ ने एक बच्चे की लाश बरामद की है जबकि दूसरे बच्चे की तलाश जारी है। दोनों बच्चे उरला क्षेत्र के थे। दोनों अपने 6 मित्रों के साथ नदी किनारे जन्मदिन मनाने पहुंचे थे।
कहां कितनी बारिश?
बीते 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक 30 मिमी बारिश धरमजयगढ़ में दर्ज की गई। लैलूंगा, कोरबा, कापू और खरसिया में 20-20 मिमी बारिश हुई। वहीं बीजापुर, नया बाराद्वार, करतला, साल्हेवारा, लाल बहादुर नगर, कांसाबेल, पथलगांव और मानपुर में 10-10 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
ये वेदर सिस्टम एक्टिव
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तरी गंगीय पश्चिम बंगाल और आसपास के बांग्लादेश पर ऊपरी हवा में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना है। एक ट्रफ जैसलमेर, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के निम्न दबाव क्षेत्र, कोटा, गुना, सीधी और डाल्टनगंज से होकर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली है। अगले 24 घंटे के भीतर इसी क्षेत्र में एक नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने का अनुमान है।
इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ समेत मध्य भारत में बारिश की गतिविधियों में तेजी आ सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है। मौसम विभाग की ओर से कल यानी 26 और 27 जुलाई को छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में गरज चमक के साथ भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने 26 जुलाई को रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, महासमुंद जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक के साथ भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने सरगुजा, मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी-भरतपुर, बिलासपुर, सक्ती, कोरबा, जांजगीर, रायपुर, बालोदाबाजार, गरियाबंद, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, बस्तर और कांकेर जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक के साथ भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।