हिमाचल में भारी बारिश के बीच दर्दनाक सड़क हादसा, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भारी बारिश के बीच सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। यह हादसा भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर लाहड़ क्षेत्र के पास हुआ, जहां एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि परिवार अपनी मासूम बच्ची का इलाज पीजीआई चंडीगढ़ में कराने के बाद घर लौट रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे। कई घंटों की मशक्कत के बाद बचाव दल ने खाई से सभी शवों को बाहर निकाला।

एक ही परिवार के थे पांचों लोग
एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज ने पुष्टि की कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी पांच लोग एक ही परिवार के सदस्य थे। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि दुर्घटना के समय इलाके में तेज बारिश, घना कोहरा और सड़क पर फिसलन थी। खराब दृश्यता के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार गहरी खाई में गिर गई। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

विधायक ने फेसबुक पर साझा की जानकारी
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक जनक राज ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि बनीखेत के लाहड़ क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में गैहरा के पांच लोगों की मौत की खबर बेहद हृदयविदारक है। उन्होंने भगवान महादेव से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने मानसून के दौरान पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने और खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।