मुजफ्फरनगर में बारिश बनी आफत, भरभराकर गिरी पुरानी छत: मलबे में दबकर पिता–पुत्र घायल

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में सोमवार को हुई बारिश एक परिवार के लिए आफत बन गई। बुढ़ाना तहसील एवं शाहपुर थाना क्षेत्र के कसेरवा गांव में शाम करीब चार बजे एक पुरानी दुकड़िया (कड़ियों और पट्टी से बनी छत) अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय छत के नीचे मौजूद तीन लोग मलबे में दब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घायलों की पहचान 62 वर्षीय नूर हसन उर्फ भूरा पुत्र निजाम अली, 22 वर्षीय जावेद पुत्र रहिशु और 26 वर्षीय जाहिद पुत्र नूर हसन के रूप में हुई है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मलबे में दबे तीनों घायलों को बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शाहपुर भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायलों की हालत का परीक्षण किया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लगातार हो रही बारिश के कारण पुरानी और जर्जर छत कमजोर हो गई थी। बताया जा रहा है कि कड़ियों और पट्टी से बनी यह दुकड़िया काफी पुरानी थी, जो बारिश का दबाव नहीं झेल सकी और अचानक ढह गई। गनीमत रही कि हादसे के समय आसपास अधिक लोग मौजूद नहीं थे, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। वहीं गांव में इस हादसे के बाद लोग पुराने और जर्जर मकानों व दुकड़ियों की स्थिति को लेकर भी चिंता जता रहे हैं। लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन द्वारा ऐसे भवनों की जांच और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने की मांग भी उठने लगी है।