मुजफ्फरनगर में शेषनाग वाली कांवड़ बनी आकर्षण का केंद्र:हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों का लगातार आगमन

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा पूरे रंग में नजर आने लगी है। ऐतिहासिक शिव चौक पर हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्तों का लगातार आगमन हो रहा है। रंग-बिरंगी और आकर्षक कांवड़ों को देखने के लिए देर रात तक श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही। पूरे क्षेत्र में “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से माहौल भक्तिमय बना रहा।

सोमवार रात करीब 10 बजे मेरठ के औघड़नाथ मंदिर के लिए गंगाजल लेकर जा रहे एक शिवभक्त की शेषनाग की आकृति वाली भव्य कांवड़ शिव चौक पहुंची। कलात्मक कांवड़ को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। कई श्रद्धालुओं ने कांवड़ के साथ तस्वीरें खिंचवाईं, जबकि स्थानीय युवतियों ने शिवभक्त का स्वागत कर उसकी कांवड़ की सराहना की।

मुजफ्फरनगर निवासी शिवभक्त आदेश ने बताया कि वह अपने माता-पिता के अच्छे स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और लंबी आयु की कामना के साथ कांवड़ यात्रा कर रहा है। उसने कहा कि भगवान शिव से वह अपने परिवार के कल्याण और उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना कर रहा है। उसने यह भी बताया कि उसकी अन्य व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक कामनाएं भी हैं, जिनके पूर्ण होने की उसे भगवान भोलेनाथ से उम्मीद है।

आस्था और उत्साह से सराबोर दिखा शिव चौक

शिव चौक पर लगातार पहुंच रहे कांवड़ियों के स्वागत के लिए श्रद्धालु भी उत्साह के साथ मौजूद रहे। आकर्षक कांवड़ों और भक्तिमय माहौल ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। देर रात तक श्रद्धालु कांवड़ियों का स्वागत करते रहे और पूरा क्षेत्र शिवभक्ति के रंग में रंगा दिखाई दिया।