किसानों का भोपाल कूच: बैरिकेड तोड़े, वैकल्पिक रास्ता चुना, 500 से ज्यादा अन्नदाता पैदल निकले

भोपाल : मूंग की पूरी उपज समर्थन मूल्य पर खरीदने सहित आठ सूत्रीय मांगों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा का आंदोलन मंगलवार को और तेज हो गया। नर्मदापुरम से भोपाल के लिए निकली किसानों की पदयात्रा प्रशासन की रोक-टोक के बावजूद लगातार आगे बढ़ रही है। पुलिस ने नेशनल हाईवे-45 पर बैरिकेडिंग कर किसानों को रोकने की कोशिश की, लेकिन 500 से अधिक किसान बैरिकेड पार कर पैदल ही वैकल्पिक रास्तों से मंडीदीप होते हुए भोपाल की ओर बढ़ गए। स्थिति को देखते हुए रायसेन, विदिशा, सीहोर, नर्मदापुरम और बैतूल से भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

पुलिस का सख्त पहरा
किसानों के भोपाल की ओर बढ़ने के कारण ओबैदुल्लागंज-भोपाल मार्ग पर यातायात प्रभावित है। इसके साथ जबलपुर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए सुल्तानपुर मार्ग भी प्रभावित होने की सूचना है।

क्या हैं मांगें?
किसानों की मांगों की सूची में मूंग की 100 प्रतिशत उपज समर्थन मूल्य पर खरीदी जाए, ई-टोकन व्यवस्था खत्म की जाए, एमएसपी पर खरीद की कानूनी गारंटी दी जाए, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में सुधार किया जाए, अघोषित बिजली कटौती बंद की जाए, अनुदान पर ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराए जाएं, ग्रामीण सड़कों का निर्माण कराया जाए, भारत-अमेरिका ट्रेड डील समाप्त करने की मांग की है।

पुलिस ने किसानों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए टोल नाके और 11 मील के पास बैरिकेडिंग कर दी है। वहीं, पीछे की ओर भी बैरिकेडिंग लगाकर किसानों की आवाजाही सीमित कर दी गई है।