अमरनाथ यात्रा से लौट रहे एमपी के यात्रियों की बस हादसे का शिकार, 30 से अधिक श्रद्धालु…

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के मध्य कश्मीर स्थित गांदरबल जिले के गुंड इलाके में मंगलवार को हरिगनीवान के एस-मोड के पास अमरनाथ यात्रा से लौट रही बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। करीब 40 तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही बस (रजिस्ट्रेशन नंबर AR11 D5655) अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलते हुए गहरी खाई में गिर गई।

30 से अधिक श्रद्धालु घायल
एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार हादसे में करीब 30 तीर्थयात्री घायल हुए। सभी घायलों को तत्काल कंगन अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों ने बताया कि दो यात्रियों के सिर में चोट आई है, लेकिन उनकी हालत फिलहाल स्थिर है। अन्य घायलों की स्थिति भी स्थिर बताई गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स में 32 घायल, सात गंभीर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे में 30 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हुए हैं, जबकि सात की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस मध्य प्रदेश के मंदसौर के श्रद्धालुओं को लेकर बालटाल से कटरा लौट रही थी। गंभीर घायलों का उपचार जारी है।

राहत और बचाव अभियान तुरंत शुरू
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, बचाव दल और स्थानीय स्वयंसेवक मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।