बिहार में अकूत दौलत जमा करने वाले गुड्डू राय के 24 ठिकानों पर EOU की रेड, पत्नी हैं जिला परिषद अध्यक्ष

जमुई .आर्थिक अपराध इकाई (इओयू) ने बिहार में बड़ी कार्रवाई की है। EOU की टीम ने संगठित अपराध के माध्यम से अकूत संपत्ति अर्जित के आरोपी गुड्डू राय के 24 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की है। मंगलवार को शेखपुरा निवासी गुड्डू राय के शेखपुरा और जमुई स्थित ठिकानों पर कार्रवाई शुरू की गई है। छापेमारी के दौरान अपराध से अर्जित संपत्तियों का ब्यौरा एकत्र किया जा रहा है। सुबह जुमई जिले के सिकंदरा क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब आर्थिक अपराध इकाई (EOU) एवं एसटीएफ की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल के साथ एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी अभियान शुरू किया।

जानकारी के अनुसार करीब 50 वाहनों के काफिले के साथ पहुंची टीम ने जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी के पति गुड्डू यादव, ललन यादव सहित उनके सहयोगियों और अन्य संबंधित लोगों के विभिन्न ठिकानों पर कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने संबंधित परिसरों में प्रवेश कर संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, अभिलेख एवं अन्य महत्वपूर्ण कागजातों की गहन जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान टीम प्रत्येक पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई कथित बेनामी संपत्ति से जुड़े मामले में की जा रही है। सूत्रों के अनुसार गुड्डू यादव पहले से ही आर्थिक अपराध इकाई की रडार पर थे। इसी क्रम में मंगलवार सुबह सिकंदरा स्थित प्रवीण मिश्रा, मिंचु मियां, उप प्रमुख नैयर खान, सोनू यादव, पचमहुआ निवासी प्रमोद यादव एवं अनीश यादव, खेवसर गांव निवासी छोटू यादव सहित अन्य लोगों के ठिकानों पर छापेमारी कर कार्रवाई की जा रही है। जांच एजेंसियां संपत्ति से संबंधित दस्तावेजों, निवेश, वित्तीय लेन-देन तथा अन्य अभिलेखों की पड़ताल कर रही हैं।

अधिकारियों द्वारा सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। हालांकि, कार्रवाई को लेकर आर्थिक अपराध इकाई की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया था। छापेमारी को लेकर पूरे सिकंदरा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जमुई पुलिस के एसडीपीओ सतीश सुमन सहित पुलिस पदाधिकारी और जवानों की तैनाती की गई है। सिकंदरा के प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाया गया है, वहीं संबंधित सभी ठिकानों, आवासों एवं पेट्रोल पंपों पर भी पुलिस बल मुस्तैद है ताकि कानून-व्यवस्था पूरी तरह बनी रहे। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा। फिलहाल जांच एजेंसियां दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल में जुटी हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जांच पूरी होने और आर्थिक अपराध इकाई की आधिकारिक रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।