चंबा में तबाही की तस्वीरें: छतों पर चट्टानें, गलियों में उखड़े पेड़; फ्लैश फ्लड में 50 से ज्यादा मकान क्षतिग्रस्त

चंबा। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से चंबा में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। रात 2 बजे अचानक बाढ़ के साथ भारी मलबा आने से 50 से ज्यादा घरों को नुकसान हुआ है। लोगों के घर भूस्खलन की जद में आए हैं, काफी घरों में कीचड़ व पानी भर गया है। कई घरों पर भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। गनीमत रही कि आधी रात के बाद आई त्रासदी से पहले लोग संभल गए व सुरक्षित स्थानों पर चले गए, अन्यथा जानी नुकसान भी तय था। सोमवार रात हुई बारिश से जिला मुख्यालय के साथ लगते कसाकड़ा मोहल्ला, सुराड़ा मोहल्ला, सुल्तानपुर, ओबड़ी, घोल्टी, सरोल, तड़ोली, उदयपुर में भारी नुकसान हुआ है।

घरों की छत पर चट्टानें व पेड़ गिरे
घरों की छत पर चट्टानें आ गिरी हैं। पेड़ उखड़कर गलियों व घरों में गिरे हैं। भूस्खलन व चट्टानें गिरने से ओबड़ी में पक्के मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। कई घरों में पानी, मिट्टी, काफी मात्रा में मलबा भर गया है। घोल्टी में भी कई घरों में मलबा घुस गया।

सड़क किनारे खड़ी गाड़ियां बहीं
सड़कों पर पार्क की एक दर्जन से अधिक गाड़ियां मलबे में दब गई हैं। तड़ोली सहित अन्य जगहों पर भी मलबा सड़क पर आने से वाहनों को नुकसान हुआ है।

बारिश में भीगते हुए बिताई पूरी रात
लोगों ने पूरी रात बारिश में भीगते हुए काटी है। रात दो बजे के बाद जब जोरदार बारिश शुरू हुई तो घरों के साथ लगने नाले का जलस्तर बढ़ गया, जिसकी आवाज सुनकर लोग बाहर आ गए और पानी के बहाव को दूसरी तरफ मोड़ने का प्रयास करने लगे। बारिश तेज होने पर पानी के साथ मलबा व पत्थर भी आने लगे। लोग सुरक्षित जगह की ओर चले गए।

कटा रहा मुख्यालय से संपर्क
भारी बारिश के चलते मुख्यालय के साथ लगते तड़ोली, घोल्टी व सरोल में सड़क पर काफी मात्रा में मलबा आ आने से जिला मुख्यालय चंबा के साथ विभिन्न क्षेत्रों का संपर्क कटा रहा। एनएच के अलावा चंबा-तीसा, सलूणी-भलेई मुख्य मार्ग बंद होने से सड़क पर गाडियों की कतारें लगी रहीं। बसें भी मुख्यालय नहीं पहुंच पाईं।

मंगलवार सुबह विभाग व प्रशासन ने मशीनरी को मौके पर भेजकर मार्ग की बहाली का कार्य शुरू किया। सड़क से मलबा हटाकर दबी हुई गाड़ियों को निकाला। दोपहर तक मार्ग बहाल हो पाया। जिला मुख्यालय के साथ लगते क्षेत्र सहित कई अन्य जगहों पर बिजली व पानी की सुविधा भी ठप रही।

विधायक व प्रशासन ने लिया नुकसान का जायजा
सदर विधायक नीरज नैयर प्रशासनिक टीम के साथ प्रभावित स्थानों पर पहुंचे। ओबड़ी, सुल्तानपुर, घोल्टी, सरोल, उदयपुर, तड़ोली सब जगह जाकर विधायक ने बारिश व जलभराव आदि से घरों, सड़कों, गाड़ियों सहित अन्य संपत्ति को हुए नुकसान का जायजा लिया। प्रभावितों को हरसंभव मदद देने का भरोसा दिया।

एडीएम अमित मेहरा ने कहा कि सभी क्षेत्रों से बारिश से हुए नुकसान की रिपोर्ट बनाने के साथ सुविधाएं बहाल की जा रही हैं।

भारी बारिश से ओबड़ी सुल्तानपुर, घोल्टी, तड़ोली आदि जगह काफी नुकसान हुआ है। कुछ घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि कई घरों में पानी व मलबा भर जाने से अंदर रखे सामान को काफी क्षति पहुंची है। मैंने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति व नुकसान का जायजा लिया है। विभाग को नुकसान की रिपोर्ट बनाने के निर्देश दिए हैं।
-नीरज नैयर, विधायक चंबा सदर।