मंडी: जिला मंडी के पुलिस थाना सुंदरनगर के अंतर्गत पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस टीम ने पुंघ क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक वोल्वो बस से चिट्टे की बड़ी खेप पकड़ी है. पुलिस के अनुसार, अमृतसर से मनाली जा रही एक वोल्वो को जब तलाशी के लिए रोका गया तो बस में सवार एक युवक और एक युवती के कब्जे से 143.180 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया. बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आए थे और इसे किस स्थान पर पहुंचाने की योजना थी. पुलिस इस मामले में संभावित नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है. गिरफ्तार आरोपियों में मनाली की रहने वाली 18 वर्षीय युवती और 36 वर्षीय हनीश ठाकुर, निवासी भुंतर, जिला कुल्लू, शामिल हैं.
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया, “पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. बरामद चिट्टे के स्रोत, आपूर्ति श्रृंखला और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए विस्तृत जांच की जा रही है. आरोपियों से पूछताछ जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.”
हिमाचल प्रदेश पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चला रही है. हाल के दिनों में विभिन्न जिलों में चिट्टा तस्करी के कई मामलों का खुलासा हुआ है. पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें नशे के कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके.