मेरठ। मानसून की लगातार बरसात एक बार फिर शुरु हो गई है। मौसम विभाग ने मेरठ में अच्छी बरसात को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके बुधवार को भी जारी रहने की संभावना है। सुबह से बरसात के चलते सड़कों पर जलभराव हो गया। लोगों को कार्यस्थल पर पहुंचने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। उमस भरी गर्मी से जरूर लोगों को राहत मिली।
पिछले एक सप्ताह से मानसून की अक्षीय रेखा मध्यभारत पर शिफ्ट हो गई थी। जिसके चलते मेरठ समेत एनसीआर में थोड़े थोड़े अंतराल की बरसात हो रही थी। बाकी समय उमस भरी गर्मी का प्रकोप बना हुआ था। अब एक बार फिर से मानसून ने पश्चिम उत्तर प्रदेश का रुख किया है।
मथुरा से लेकर सहारनपुर तक मौसम विभाग ने आरेंज अलर्ट जारी किया है। बुलंदशहर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर में भी अच्छी बरसात का अनुमान है। मेरठ में सुबह से बरसात की झड़ी लगी हुई है। शाम को इस तरह की बरसात का एक और स्पैल आ सकता है। जुलाई में अभी तक 584 मिलीमीटर बरसात हो चुकी है। जबकि सामान्य रूप से 226 मिलीमीटर बरसात पूरे माह में होती है। मंगलवार को तीन घन्टे में 80 मिलीमीटर पानी बरसा है।
कबाड़ी बाजार में जर्जर भवन गिरने का खतरा
मेरठ: कबाड़ी बाजार एसोसिएशन ने एक जर्जर भवन गिरने की संभावना जताई गई। डीएम और नगर आयुक्त को पत्र लिखकर इसे हटवाकर सुरक्षा प्रदान करने की मांग की गई है। एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि प्रकाश गाेयल ने बताया कि भवन संख्या 25 कबाड़ी बाजार के भूतल पर तीन दुकानें, प्रथम और द्वितीय तल पर कमरे बने हैं। जो जर्जर हालत में है। बरसात में कभी गिर सकते हैं। कबाड़ी बाजार एसोसिएशन ने मेडा और सिटी मजिस्ट्रेट को भी इस बारे में पत्र लिख चुके हैं।