मैंने अपने पिता की मौत प्लान की… ‘लॉक अप 2’ में राम कपूर का सबसे दर्दनाक खुलासा

Lock Upp 2: रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ अपने फिनाले की ओर बढ़ रहा है और कंटेस्टेंट्स एक-दूसरे को एलिमिनेशन में डालने के लिए अपनी जिंदगी के सबसे बड़े राज दुनिया के सामने ला रहे हैं. इसी दौरान अभिनेता राम कपूर ने ऐसा खुलासा किया, जिसे सुनकर घर में मौजूद सभी लोग इमोशनल हो गए. राम ने कहा, “मैंने अपने पिता की मौत प्लान की.” उनकी यह बात सुनते ही कुछ पल के लिए पूरा माहौल शांत हो गया. इसके बाद उन्होंने बताया कि आखिर उन्होंने ऐसा क्यों कहा और इस फैसले की वजह से आज तक क्या कीमत चुका रहे हैं.

राम कपूर ने बताया कि उनके पिता को पैंक्रियाटिक कैंसर था. पहली बार इलाज और कई कीमोथेरेपी के बाद वह पूरी तरह ठीक हो गए थे और करीब 10 साल तक अच्छी जिंदगी जी. लेकिन जब वह 73 साल के हुए, तब कोरोना के दौरान कैंसर दोबारा लौट आया. डॉक्टरों ने फिर से इलाज कराने की सलाह दी, लेकिन उनके पिता अब और दर्द नहीं सहना चाहते थे.

राम ने बताया कि उनके पिता ने उनसे कहा कि वह बाकी की जिंदगी अस्पताल में नहीं बिताना चाहते और शांति से विदा लेना चाहते हैं. इसी वजह से उन्होंने कहा, “मैंने अपने पिता की मौत प्लान की.” राम का मतलब था कि उन्होंने अपने पिता की आखिरी इच्छा का सम्मान किया और उनके अंतिम दिनों की योजना बनाने में उनका साथ दिया.

Father Last Wish: पिता की आखिरी इच्छा क्या थी?
राम कपूर ने बताया कि उनके पिता ने उनसे वादा लिया था कि वह इस बारे में किसी को कुछ नहीं बताएंगे. उन्होंने राम से कहा कि जब उनका आखिरी समय आए, तब वह उनके पास रहें और उनका हाथ थामे रखें. राम ने अपने पिता से किया वादा निभाया और उनके अंतिम पल तक उनके साथ रहे.

मां और बहन ने क्यों तोड़ लिया रिश्ता?
राम कपूर ने बताया कि उनके इस फैसले से उनकी मां और बहन बिल्कुल सहमत नहीं थीं. उनका मानना था कि इलाज जारी रखना चाहिए था. इसी वजह से दोनों ने राम से दूरी बना ली. राम का कहना है कि पिछले 5 साल से ज्यादा समय से उनकी मां और बहन उनसे बात नहीं कर रही हैं. हालांकि, राम को अपने फैसले पर कोई पछतावा नहीं है. उनका मानना है कि किसी भी बेटे के लिए अपने माता-पिता की आखिरी इच्छा पूरी करना सबसे बड़ा फर्ज होता है.

Harshad Chopra भी हुए इमोशनल
राम कपूर की कहानी सुनकर शो में मौजूद हर्षद चोपड़ा भी भावुक हो गए. उन्होंने बताया कि कैंसर की वजह से वह भी अपनी मां को खो चुके हैं. इसके बाद घर के बाकी सदस्य भी राम कपूर के पास पहुंचे, उन्हें गले लगाया और उनका हौसला बढ़ाया.

Lock Upp Finale: फिनाले से पहले बढ़ा इमोशनल ड्रामा
‘लॉक अप’ अब अपने आखिरी पड़ाव पर है. फिनाले वीक में पहुंचने के लिए कंटेस्टेंट्स अपनी जिंदगी के ऐसे राज बता रहे हैं, जिनके बारे में पहले कभी किसी को पता नहीं था. शो को फराह खान और रितेश देशमुख होस्ट कर रहे हैं और यह नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रहा है.