TVS ने 10 से 14 साल के बच्चों के लिए Apache RR 200 Mini रेस बाइक लॉन्च की है. यह बाइक बच्चों को प्रोफेशनल रेसिंग की ट्रेनिंग देने के लिए बनाई गई है. कंपनी ने इसके जरिए यंग राइडर्स के लिए रेसिंग करियर का रास्ता भी तैयार किया है.
टीवीएस रेसिंग ने बच्चों के लिए नई Apache RR 200 Mini रेस बाइक लॉन्च की है. यह बाइक 10 से 14 साल के बच्चों को रेसिंग सिखाने के लिए बनाई गई है. बच्चे इसे बिना किसी डर के चलाना और रेसिंग करना सीखेंगे. इसके लिए कंपनी ने TVS Apache Junior Programme भी शुरू किया है. इस पहल के तहत TVS ने Madras Motor Sports Club (MMSC) को 10 Apache RR 200 Mini बाइक दी हैं. इन बाइकों पर बच्चों की ट्रेनिंग Madras International Karting Arena में होगी.
हालांकि, नाम में ‘Mini’ जरूर है, लेकिन इसकी पावर और फीचर्स किसी भी तरह से छोटे नहीं हैं. इस रेस बाइक में ऐसे हार्डवेयर दिए गए हैं, जो इसे बेहद दमदार और हाई-परफॉर्मेंस मशीन बनाते हैं. आइए जानते हैं इस बाइक के बारे में.
TVS Apache RR 200 Mini: इंजन
TVS Apache RR 200 Mini में वही 197.75cc इंजन दिया गया है, जो Apache RTR 200 4V में मिलता है. हालांकि, इसे रेसिंग के हिसाब से ट्यून किया गया है.
यह इंजन 9,500 rpm पर 23 PS की पावर और 6,500 rpm पर 20.1 Nm का टॉर्क जनरेट करता है.
बेहतर परफॉर्मेंस के लिए इसमें प्रोग्रामेबल TCI इग्निशन सिस्टम भी दिया गया है.
कंपनी का दावा है कि यह छोटी-सी रेसिंग बाइक 110 km/h की टॉप स्पीड पकड़ सकती है.
इसका वजन सिर्फ 90 kg है. इसके अलावा, इसमें 30mm का सेमी-फ्लैट स्लाइड कार्ब्यूरेटर, कोनिकल एयर फिल्टर और रेस-ट्यून फ्री-फ्लो एग्जॉस्ट दिया गया है.
TVS Apache RR 200 Mini: सस्पेंशन और ब्रेकिंग
इसके फ्रंट में 35mm का अपसाइड-डाउन (USD) फोर्क दिया गया है, जिसमें रिबाउंड, कंप्रेशन और प्रीलोड को अपनी जरूरत के हिसाब से एडजस्ट किया जा सकता है.
इसमें 100mm का सस्पेंशन ट्रैवल मिलता है, जो बेहतर कंट्रोल और कम्फर्टेबल राइड में मदद करता है.
पीछे की तरफ रेस-स्पेक शॉक एब्जॉर्बर दिया गया है, जिसमें भी यही तीनों एडजस्टमेंट मिलते हैं. 90mm का ट्रैवल होने की वजह से बाइक कॉर्नरिंग और खराब रास्तों पर भी अच्छा बैलेंस बनाए रखती है.
ब्रेकिंग की बात करें तो आगे 220mm का डिस्क ब्रेक और पीछे 180mm का डिस्क ब्रेक दिया गया है
यह मिनी बाइक 12-इंच के व्हील्स पर दौड़ती है. आगे 2.75-इंच और पीछे 3.50-इंच चौड़े व्हील्स दिए गए हैं, जिन पर रेस-कंपाउंड Eurogrip BEE टायर्स लगे हैं.
TVS Apache RR 200 Mini: चेसिस, डिजाइन और जियोमेट्री
इस मोटरसाइकिल का बेस मॉडिफाइड RTR 200 4V फ्रेम पर तैयार किया गया है. इसके साथ छोटा RTR 200 4V से लिया गया स्विंगआर्म दिया गया है, जिससे इसकी हैंडलिंग और भी बेहतर हो जाती है.
इसकी पूरी डिजाइन यंग राइडर्स को ध्यान में रखकर तैयार की गई है. इसमें 690mm की सीट हाइट दी गई है. वहीं, 1,180mm का व्हीलबेस बाइक को बेहतर बैलेंस देने में मदद करता है.
बाइक में हल्की और एयरोडायनामिक बॉडी, CNC बिलेट-मशीन्ड एल्यूमिनियम ट्रिपल क्लैंप और फाइबर कवर वाला प्रोटोटाइप एल्यूमिनियम फ्यूल टैंक मिलता है.
TVS ने तैयार किया रेसिंग करियर का पूरा रास्ता
सबसे खास बात यह है कि TVS इस RR 200 Mini को सिर्फ एक बाइक नहीं, बल्कि रेसिंग करियर की शुरुआत के तौर पर पेश कर रही है. 10 से 14 साल की उम्र के बच्चे Apache Junior Programme से शुरुआत कर सकते हैं. इसके बाद 15 साल की उम्र में TVS One Make Championship Rookie कैटेगरी में हिस्सा ले सकते हैं. फिर RR 310 Expert कैटेगरी तक पहुंचने का मौका मिलेगा. अच्छा परफॉर्म करने वाले राइडर्स के लिए आगे चलकर इंटरनेशनल रेसिंग में भी अपनी पहचान बनाने का रास्ता खुल सकता है.