दतिया में दर्दनाक हादसा, सिंध नदी में नहाने गए छह बच्चे डूबे, पांच का रेस्क्यू; एक अभी भी लापता

दतिया: सिंध नदी के सनकुंआ घाट पर मामूलिया विसर्जन के दौरान छह बच्चे नदी में डूब गए। घटना उस समय घटी जब सेवढ़ा क्षेत्र के कुछ बच्चे ग्रामीण पारंपरिक के लिए घाट पर पहुंचे थे। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, नदी घाट पर नहाने के दौरान अचानक पानी के तेज बहाव में कई बच्चे फंस गए, जिससे अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत प्रशासन और पुलिस को सूचना दी।

पांच बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला
इसके बाद राहत कार्य तत्काल शुरू किया गया, जिसके चलते पांच बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में नंदू पुत्र अरुण, संस्कार पुत्र ज्ञानसिंह, देव पुत्र ज्ञानसिंह, कंचन पुत्री दयाल, मोटो पुत्री संजीव को बचा लिया गया। सभी को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रशासन और गोताखोरों की टीम तलाश में जुटी
वहीं सिम्मो उर्फ सिमरन पुत्री गौरीशंकर अब तक लापता है। प्रशासन और गोताखोरों की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे नदी या घाट के पास सतर्कता बरतें, खासकर बच्चों को अकेले न भेजें। साथ ही विसर्जन या धार्मिक आयोजनों के समय सुरक्षा के सभी उपाय अपनाएं।