मुजफ्फरनगर : जानसठ कोतवाली क्षेत्र में दिनदहाड़े बदमाशों ने एक किसान का अपहरण कर लिया. 10 लाख रुपए की फिरौती वसूलने के बाद बदमाशों ने किसान को 8 घंटे बाद छोड़ दिया. किसान परिजनों के साथ पुलिस के पास पहुंचा और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी. घटना की जानकारी होने पर पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की.
गुरुवार की है घटना : एसपी ग्रामीण आदित्य बंसल ने बताया, गांव तलड़ा के रहने वाले किसान अरुण कुमार गुरुवार सुबह 11:00 के करीब अपने घर से बाइक पर खेत में जाने के लिए निकले थे. इसी दौरान गन्ने के खेत से निकले दो नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे के बल पर अपहरण कर लिया.
किसान के मोबाइल से बेटे को किया फोन : किसान ने तहरीर में पुलिस को बताया, मेरे मोबाइल से अपहरणकर्ताओं ने बेटे को फोन किया और 10 लाख रुपए मांगे. फिरौती मिलने के बाद बदमाशों ने मुझे 8 घंटे बाद छोड़ दिया. इसके बाद किसान ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर लिखित शिकायती पत्र दिया.
अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज : एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया, किसान की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. अपहरणकर्ताओं की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. घटना की जांच एसपी ग्रामीण आदित्य बंसल को सौंपी गई है. एसओजी और सर्विलांस की टीमें गठित की गई हैं.
वहीं एसपी ग्रामीण आदित्य बंसल ने कहा कि शिकायतकर्ता ने बताया कि वह अपने आम के बाग में गया था, तभी बदमाश ने बंधक बना लिया. उसी के मोबाइल से उसके बेटे को कॉल कर गाजियाबाद से पैसे मंगवाए गए. पैसे मिलने के बाद पीड़ित को छोड़ दिया. मामले में जांच जारी है जल्द ही आरोपी को पकड़ा जाएगा.