हरियाणा में बिना गठबंधन के विधानसभा चुनाव लड़ेगी AAP, 90 सीटों पर उतारेगी उम्मीदवार!

AAP will contest assembly elections in Haryana without alliance, will field candidates on 90 seats!
AAP will contest assembly elections in Haryana without alliance, will field candidates on 90 seats!
इस खबर को शेयर करें

रोहतक: हरियाणा में आम आदमी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव बिना गठबंधन के लड़ेगी। यह जानकारी पार्टी के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने दी। वे गुरुवार को रोहतक में पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि I.N.D.I.A. सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए था, इस बारे में पार्टी पहले ही स्पष्ट कर चुकी है। आम आदमी पार्टी अकेले विधानसभा चुनाव लड़ने में सक्षम है। सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में बूथों पर जनसंपर्क किया जाएगा। साथ ही बूथ योद्धा भी तैयार किए जाएंगे।

‘आप हरियाणा में तीसरे विकल्प के तौर पर उभरी’
उन्होंने कहा कि हरियाणा में सिर्फ कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट के चुनाव परिणाम से यह साबित हो गया है कि आम आदमी पार्टी हरियाणा में तीसरे विकल्प के तौर पर उभरी है। बहुजन समाज पार्टी, जननायक जनता पार्टी और आईएनएलडी को हरियाणा में सभी लोकसभा सीटों पर जितने वोट नहीं मिले, उससे ज्यादा आम आदमी पार्टी ने कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट पर हासिल किए। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के परिणाम के बारे में पार्टी की आंतरिक बैठक में चर्चा हो चुकी है।

केजरीवाल की नीतियों के बारे में जनता को बताएगी आप
अनुराग ढांडा ने बताया कि अगले 15 दिन तक पूरे प्रदेश में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिनके माध्यम से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की नीतियों के बारे में जनता को जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बीजेपी को जुमला और घोषणा पार्टी करार दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक और हार देखकर मुख्यमंत्री नई घोषणाएं कर रहे हैं। एक अन्य सवाल के जवाब में अनुराग ढांडा ने पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सुशील गुप्ता पर एक पूर्व पदाधिकारियों की ओर से दो लाख रुपये लेने के आरोपों को सिरे से नकार दिया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक पार्टियों में आरोप नई बात नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री का भी रोहतक दौरा होता है तो आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया जाता है।