जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कुछमूछ गांव में उस समय अजीबोगरीब घटना देखने को मिली जब 75 वर्षीय बुजुर्ग संगरू ने 40 वर्षीय विधवा मनभावती से विवाह किया और सुहागरात के अगले ही दिन उनकी मौत हो गई।
बिना संतान का बुजुर्ग, विधवा से किया विवाह
गांव निवासी संगरू की पत्नी अनारी का एक साल पहले निधन हो गया था और दंपति की कोई संतान नहीं थी। रिश्तेदारों की सलाह पर संगरू ने बैजा रामपुर निवासी विधवा मनभावती से शादी का फैसला किया। मनभावती के पति की सात साल पहले मौत हो चुकी थी और उसके एक बेटा-बेटी हैं।
मंदिर में रचाई गई शादी
सोमवार को नवरात्रि के पावन पर्व पर दोनों का विवाह मंदिर में रिश्तेदारों की मौजूदगी में हुआ। शादी के बाद संगरू पत्नी और बच्चों को अपने घर ले आए और रात साथ गुजारी।
सुबह बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में मौत
मंगलवार सुबह अचानक बुजुर्ग की तबीयत खराब हो गई। पड़ोसियों ने तुरंत जौनपुर उजाला हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने देखते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गांव में चर्चा, पुलिस को सूचना नहीं
घटना की जानकारी पूरे क्षेत्र में फैल गई और लोग तरह-तरह की चर्चाएं करते रहे। थाना अध्यक्ष प्रवीण यादव ने बताया कि थाने में अब तक कोई तहरीर नहीं मिली है। फिलहाल शव घर पर रखा गया है और अंतिम संस्कार के लिए मुंबई से भतीजे के आने का इंतजार है।