मंदसौर। मंदसौर में गरबा प्रैक्टिस कर रही महिला का कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया। ये लोग उसे घसीटते हुए अपने साथ ले गए। वहां मौजूद एक युवती ने बचाने की कोशिश की, लेकिन उसे आरोपियों ने धक्का दे दिया। एक आरोपी के हाथ में कट्टा था।
घटना शनिवार रात करीब 10 बजे की है। खानपुरा के भावसार धर्मशाला में महिलाएं और युवतियां गरबा की प्रैक्टिस कर रही थीं। तभी 4 युवक और दो महिलाएं वहां पहुंची और गरबा कर रही महिला को पकड़ लिया। वे उसे अपने साथ ले जाने लगे। वहां मौजूद सभी लोग डरकर पीछे की तरफ भाग गए। सिर्फ एक युवती उसे बचाने आगे आई, लेकिन आरोपी महिलाओं ने उसे धक्का दिया और मारपीट की।
आरोपी महिला को गलियों में घसीटते हुए अपने साथ जबरदस्ती ले गए। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने जिले में नाकाबंदी करा दी। चेकिंग के दौरान शामगढ़ थाना क्षेत्र के चंदवासा में गाड़ी को रुकवाया। इसमें से महिला को बरामद किया गया।