बॉयफ्रेंड ने प्रेमिका को दौड़ाकर 15 बार चाकू से गोदा-हैरान करेगी वजह

Ambikapur News: छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई. पूरी प्लानिंग के तहत एक युवक ने अपनी प्रेमिका की चाकू से गोदकर हत्या कर दी. यह पूरी घटना पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद इलाके में दहशत फैल गई. पुलिस ने आरोपी बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया है.

पेट्रोल भरते समय हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, मृतका भारती टोप्पो (27 वर्ष) अंबिकापुर के रिंग रोड स्थित चोपड़ा पारा के श्रीकृष्णा फ्यूल पेट्रोल पंप में काम करती थी. शनिवार को जब वह पेट्रोल भर रही थी, तभी उसका बॉयफ्रेंड जोगेंद्र पैकरा (28 वर्ष), निवासी बलरामपुर के कुसमी से बिना नंबर प्लेट की बाइक पर वहां पहुंचा. वह पहले से ही चाकू और एयर पिस्टल लेकर आया था.

दौड़ाकर किए 15 वार

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि जोगेंद्र ने पेट्रोल पंप पर पहुंचते ही चाकू निकाल लिया और भारती पर हमला करने के लिए दौड़ा. युवती ने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने सड़क किनारे ही उसे पकड़ लिया और पेट में लगातार चाकू से वार करने लगा. बताया जा रहा है कि आरोपी ने करीब 15 बार चाकू से हमला किया.

खून से लथपथ गिरी युवती, अस्पताल में हुई मौत
लगातार वार से लहूलुहान भारती किसी तरह सड़क की ओर भागी लेकिन कुछ ही दूरी पर गिर पड़ी. मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज शुरू करने के करीब 10 मिनट बाद ही मृत घोषित कर दिया.

आरोपी को पकड़कर सौंपा पुलिस के हवाले
वारदात के बाद आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन शोर सुनकर स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया. पुलिस ने आरोपी के पास से चाकू और एयर पिस्टल जब्त कर ली है.

ब्रेकअप बना हत्या की वजह
जांच में सामने आया है कि भारती और जोगेंद्र लंबे समय से एक-दूसरे को पसंद करते थे. हाल ही में भारती ने उससे रिश्ता तोड़ने का फैसला किया था. इसी बात से नाराज होकर जोगेंद्र ने यह खौफनाक कदम उठाया.