क्या पुरुष भी हो सकते हैं प्रेग्नेंट?’ जवाब से दुनिया रह गई दंग

Can men also get pregnant: क्या महिलाओं की तरह पुरुष भी गर्भवती हो सकते हैं. इस सवाल के जवाब में अधिकतर लोग ना कहेंगे. लेकिन जब यही सवाल अमेरिका में एक चर्चित गायनालॉजिस्ट से पूछा गया तो उनका जवाब हर किसी को हैरान कर गया. उनके इस जवाब की अब दुनियाभर में चर्चा हो रही है और लोग पूछ रहे हैं कि क्या वाकई पुरुष भी प्रेग्नेंट हो सकते हैं.

सीनेट में गवाही देने पहुंची भारतीय मूल की डॉक्टर

एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सीनेट में गर्भपात से जुड़े एक मामले की सुनवाई चल रही थी. सुनवाई का विषय ‘गर्भपात की दवाओं की सुरक्षा’ था. इसी दौरान एक भारतीय-अमेरिकी डॉक्टर, डॉ. निशा वर्मा को गवाही देने के लिए सीनेट में बुलाया गया. अपनी गवाही में उन्होंने कहा कि गर्भपात की दवाओं पर कई सालों से रिसर्च चल रही है और वे सुरक्षित मानी जाती हैं.

इसी सुनवाई में शामिल सीनेटर जोश हॉले ने डॉ. वर्मा से एक सीधा सवाल पूछ लिया, जिससे वे अचकचा गईं. उन्होंने पूछा, ‘क्या पुरुष गर्भवती हो सकते हैं?’ यह सवाल सुनकर माहौल अचानक गंभीर हो गया. डॉ. वर्मा ने सीधे हां या ना कहने के बजाय कहा कि वह अलग-अलग तरह की लैंगिक पहचान वाले लोगों का इलाज करती हैं.

‘क्या पुरुष गर्भवती हो सकते हैं या नहीं’

हॉले इस जवाब से संतुष्ट नहीं हुए. उन्होंने कहा कि यह राजनीति का नहीं, बल्कि विज्ञान और जैविक सच्चाई का सवाल है. वे बार-बार जोर देते रहे कि बस इतना बताइए कि क्या पुरुष गर्भवती हो सकते हैं या नहीं.

डॉ. वर्मा ने कहा कि ऐसे सवाल बहुत जटिल होते हैं और उन्हें सिर्फ हां-ना में नहीं देखा जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि वह अपने मरीजों के अनुभवों को भी ध्यान में रखती हैं और ध्रुवीकरण वाली भाषा से बचना चाहती हैं.

‘केवल महिलाएं गर्भ धारण करती हैं, पुरुष नहीं’

इस पर हॉले ने कहा कि जैविक रूप से गर्भ तो सिर्फ महिलाएं ही धारण करती हैं, पुरुष नहीं. उन्होंने आरोप लगाया कि डॉ. वर्मा एक बुनियादी वैज्ञानिक सच्चाई को भी स्वीकार नहीं कर रहीं. इसलिए उन पर एक वैज्ञानिक के रूप में भरोसा करना मुश्किल है.

आखिर में बहस काफी तीखी हो गई. हॉले ने कहा कि महिलाओं को एक जैविक सच्चाई के रूप में मानना और उनकी सुरक्षा करना जरूरी है. वहीं डॉ. वर्मा का कहना था कि वह विज्ञान के साथ-साथ अपने मरीजों की जटिल परिस्थितियों को भी समझने की कोशिश करती हैं.