कानपुरः वैसे तो कहा जाता है की पति-पत्नी सात जन्मों के साथी होते हैं. लेकिन यह मॉडर्न जमाना है. यहां पति से ज्यादा प्रेमी प्यारा होता है. तभी तो कानपुर में अपने पति को छोड़कर प्रेमी के साथ रह रही एक महिला ने मरते समय भी अपना वीडियो रिकॉर्ड करते हुए कहा, ‘मैं बच जाऊंगी तो इन्हीं के साथ, अपने प्यार के साथ रहूंगी. अगर मर जाऊं तो इनका बुरा मत करना. इनका कोई दोष नहीं. 6 महीने से उनके साथ रह रही थी. यह सब बेकसूर हैं.’
इंस्टाग्राम पर मानसी को मनीष से हुआ था प्यार
वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद भी महिला बच नहीं पाई और उसकी अस्पताल में मौत हो गई. मौत के बाद महिला के पिता ने प्रेमी और उसके परिवार वालों के खिलाफ बेटी की हत्या करने का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई है. पुलिस का कहना है मामले की जांच की जा रही है. कानपुर के मझवन की रहने वाली धर्मवीर की पुत्री मानसी की शादी 3 साल पहले फतेहपुर में हुई थी. शादी के बाद लगभग 1 साल पहले मानसी का इंस्टाग्राम पर मनहावन के पास ही रहने वाले एक गांव के युवक मनीष से दोस्ती हो गई.
पति को छोड़ मनीष के पास चली गई मानसी
धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई और मानसी मनीष के प्यार में इतना पागल हो गई कि वह 6 महीने पहले अपना घर छोड़कर मनीष के साथ भाग निकली. मनीष उसको लेकर कानपुर के बिधनू इलाके में रहने लगा था. लेकिन 9 तारीख को मानसी ने जहर खाकर सुसाइड करने की कोशिश की. मनीष के घर वालों ने मानसी को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी.
वीडियो रिकॉर्ड कर प्रेमी को बताया बेकसूर
रविवार को मानसी ने अपना एक वीडियो रिकॉर्ड कराया, जिसमें उसने कहा मैं बच जाऊंगी तो इन्हीं के साथ रहूंगी. यह लोग बेकसूर हैं इनका कोई कुछ मत करना. मानसी का यह वीडियो वायरल हो गया इसके बाद मानसी की मौत हो गई. पुलिस ने मानसी के पिता धर्मवीर को इसकी सूचना दी. मानसी के पिता और उसके घर वाले अस्पताल पहुंचे, जहां मानसी की बॉडी पोस्टमार्टम के लिए भेजी गई. मानसी के पिता और घर वालों ने सीधे-सीधे मनीष के ऊपर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है. आरोप लगाया है कि वह उसकी बात नहीं करने देते थे. वह चोरी छुपे फोन से अपनी मौसी की बेटी से बात करती थी.