Pregnant Wife Murder: तुर्की के बटरफ्लाई वैली इलाके में 40 वर्षीय हाकन आयसल ने अपनी 32 वर्षीय पत्नी सेमरा को 1000 फीट ऊंची चट्टान से नीचे धकेल दिया. वह सात महीने की गर्भवती थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसने पहले उसके साथ सेल्फी ली और कुछ ही पलों बाद उसे नीचे फेंक दिया. यह सब इंश्योरेंस के 4 लाख लिरा (करीब 18 लाख रुपये) के लालच में किया गया था.
कैसे रचा गया यह इंश्योरेंस वाला साजिश भरा प्लान?
कोर्ट में खुलासा हुआ कि हाकन ने अपनी पत्नी के नाम पर ‘पर्सनल एक्सीडेंट इंश्योरेंस’ कराया था, जिसका लाभार्थी वह खुद था. उसने अपनी पत्नी को ऊंचाई के डर के बावजूद बहाने से चट्टान के किनारे ले गया और वहाँ “सेल्फी लेने” का झांसा दिया. तीन घंटे तक दोनों वहाँ बैठे रहे, फिर जब कोई आसपास नहीं था, उसने पत्नी को नीचे धकेल दिया.
कैसे हुआ हत्यारे पर शक?
दंपत्ति की फोटो जब मीडिया में आई, तो एक अन्य पर्यटक ने गवाही दी कि उसने दोनों को खतरनाक किनारे की तरफ जाते देखा था. इसके बाद पुलिस को शक हुआ. घटना के बाद हाकन ने अपनी पत्नी की मौत के सिर्फ कुछ दिनों बाद इंश्योरेंस का दावा कर दिया जिससे उसका झूठ तुरंत पकड़ में आ गया.
क्या हाकन ने पहले भी किया था धोखाधड़ी?
बैंक रिकॉर्ड्स में सामने आया कि हाकन ने पत्नी की पहचान का इस्तेमाल कर सात अलग-अलग लोन लिए थे. पत्नी की मौत के बाद उसने आलीशान होटलों में रहना और महंगी यात्राएं शुरू कर दीं. आखिरकार पुलिस ने सारे सबूत जोड़कर उसे गिरफ्तार कर लिया. गवाह सैत एर्तुर्क ने बताया कि घटना के बाद जब वह मदद के लिए पहुंचा, तो हाकन बिलकुल शांत और बेफिक्र था. उसने खुद खोजबीन में हिस्सा भी नहीं लिया. गवाह ने कहा, “वह ऐसे बर्ताव कर रहा था जैसे कुछ हुआ ही नहीं.” कोर्ट ने 2022 में उसे उम्रकैद की सजा सुनाई, जिसमें 30 साल बाद ही पैरोल संभव है.
अब जेल में क्या कर रहा है यह ‘खौफनाक पति’?
रिपोर्ट्स के अनुसार, जेल में बंद हाकन अब भी लोगों पर मुकदमे ठोंक रहा है. उसने 200 लोगों पर मानहानि का केस किया है जिन्होंने सोशल मीडिया पर उसे कातिल कहा. यह केस तुर्की में चर्चा का विषय बना हुआ है क्योंकि यह कहानी सिर्फ एक हत्या की नहीं, बल्कि लालच और बेरहमी की हद पार करने की दास्तान है.