कैसे एक महिला 15 मिनट जल्दी ऑफिस आने की वजह से खो बैठी जॉब! कोर्ट में जज ने भी कहा- सही किया…

Spain Office Workplace Case: एक स्पेनिश कंपनी में काम करने वाली एक युवा महिला को सिर्फ इसलिए निकाल दिया गया क्योंकि वह रोजाना ऑफिस तय समय से काफी पहले पहुंच जाती थी. उसका कॉन्ट्रैक्ट 7:30 बजे काम शुरू करने का था, लेकिन वह 6:45 से 7:00 बजे के बीच ऑफिस पहुंच जाती और काम शुरू कर देती. कंपनी को यह व्यवहार बिल्कुल पसंद नहीं आया और मामला धीरे-धीरे गंभीर हो गया.

बहुत जल्दी आना आखिर कंपनी के लिए समस्या क्यों बना?
रिपोर्ट के अनुसार, महिला बाकी कर्मचारियों से पहले काम शुरू कर देती थी, जिससे वर्कफ्लो बिगड़ रहा था. बॉस का कहना था कि इतने जल्दी आने पर उसके पास कोई काम नहीं होता, इसलिए उसका समय कंपनी के लिए उपयोगी नहीं था. यह आदत टीम के तालमेल और वर्क सिस्टम को प्रभावित कर रही थी, जिसे कंपनी बड़ी समस्या मान रही थी.

क्या पहले भी कर्मचारी को चेतावनी दी गई थी?
2023 में कंपनी ने उसे औपचारिक चेतावनी दी थी. इसके बावजूद वह बिना किसी बदलाव के रोजाना जल्दी ऑफिस पहुंचती रही. कंपनी का कहना था कि यह सीधे-सीधे नियमों की अनदेखी है और चेतावनी के बाद भी उसका व्यवहार नहीं सुधरा, इसलिए मामला और गंभीर हो गया. इस साल की शुरुआत में बॉस ने इसे गंभीर कदाचार मानते हुए महिला को नौकरी से बर्खास्त कर दिया. कंपनी के मालिक का कहना था कि उसका यह व्यवहार वर्कप्लेस के डिसिप्लीन, टीम के काम के तालमेल और बॉस-कर्मचारी के भरोसे पर निगेटिव असर डाल रहा था.

कर्मचारी ने कोर्ट में अपील क्यों की?

निकाले जाने के बाद महिला ने अलीकांटे के सोशल कोर्ट में अपील दायर की. उसने तर्क दिया कि जल्दी आना कोई गलती नहीं है और उसे अनुचित तरीके से नौकरी से निकाला गया है. वह साबित करना चाहती थी कि समय से पहले ऑफिस आना कंपनी के खिलाफ कदाचार नहीं माना जा सकता. सोशल कोर्ट ऑफ अलीकांटे ने कंपनी के पक्ष में फैसला सुनाया. कोर्ट ने कहा कि कर्मचारी ने बार-बार चेतावनी के बावजूद नियमों की अनदेखी की और उसका यह व्यवहार बॉस और उसके बीच भरोसे व वफादारी के रिश्ते को नुकसान पहुंचा रहा था. कोर्ट ने माना कि यह आचरण इतना गंभीर था कि नौकरी से निकालना उचित है.