संभल। संभल के असमोली थाना क्षेत्र में एक विवाहिता का प्रेमी मोबाइल देते हुए पकड़ा गया। बुधवार को इस घटना के बाद पति ने पत्नी को तलाक दे दिया, पंचायत के फैसले के अनुसार अब विवाहिता अपने प्रेमी से निकाह करेगी। बताया जा रहा है कि मेरठ की मुस्कान और चंदौसी की रूबी जैसी घटनाओं से डरे पति अनस ने पत्नी को तलाक देने का फैसला किया।
घटना बीते मंगलवार को तलवार गांव में हुई। विवाहिता के परिजनों ने उसके प्रेमी को रंगेहाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच पंचायतों का दौर शुरू हुआ, जो दो दिन तक चला।जनपद अमरोहा के डिडौली थाना क्षेत्र के पतई खालसा निवासी शमा का प्रेम-प्रसंग पास के गांव खय्या माफी निवासी नदीम पुत्र फुर्सत से था। शादी से पहले भी शमा अपने प्रेमी के घर पहुंची थी, लेकिन परिजन उसे बिना किसी कार्रवाई के वापस ले आए थे।
करीब छह माह पहले शमा का निकाह तलवार गांव निवासी अनस से हुआ था। शादी के बाद भी शमा और नदीम का संपर्क बना रहा। मंगलवार को नदीम अपनी प्रेमिका शमा को मोबाइल देने उसकी ससुराल पहुंचा था।बुधवार को हुई पंचायत में विवाहिता शमा ने अपने प्रेमी नदीम से ही निकाह करने की जिद पकड़ ली। दोनों पक्षों की सहमति के बाद यह निर्णय लिया गया कि तलाक की कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शमा का निकाह उसके प्रेमी से कराया जाएगा।
विवाहिता को प्रेमी के परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। बताया गया है कि तलाक के 40 दिन बाद शमा अपने प्रेमी से निकाह कर उसकी पत्नी बनेगी। यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि ऐसे किसी मामले की जानकारी नहीं है। दोनों पक्षों ने आपस में कोई समझौता कर लिया हो तो हमें जानकारी नहीं है। आपको बता दें कि जो फोटो सामने आया है वह थाना परिसर का ही है, प्रेमी-प्रेमिका और उसकी एक अन्य रिश्तेदार का फोटो ब्लर कर सर्कुलेट किया गया है।