Father Assault Case: सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने लोगों को हैरान और आक्रोशित कर दिया. वीडियो में एक युवक अपने ही बुजुर्ग पिता को चलती कार से नीचे धक्का देता दिखाई दे रहा है. दावा किया जा रहा है कि दोनों के बीच कार के अंदर तीखी बहस हुई थी, जो अचानक हिंसक रूप ले बैठी. इसके बाद युवक कार लेकर मौके से फरार हो गया और पिता को सड़क किनारे छोड़ दिया.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिता और बेटा साथ सफर कर रहे थे, तभी किसी बात पर कहासुनी शुरू हुई. बताया जा रहा है कि बहस इतनी बढ़ गई कि युवक ने गुस्से में आकर अपने पिता को चलती गाड़ी से बाहर धक्का दे दिया. कार की रफ्तार कितनी थी, इसकी पुष्टि अभी पुलिस ने नहीं की है. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार कुछ पल के लिए धीमी हुई और तभी बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े.
वीडियो में क्या दिखा?
वायरल क्लिप में एक काली एसयूवी सड़क के बीच खड़ी नजर आती है. सड़क किनारे बुजुर्ग व्यक्ति जमीन पर बैठे दिखाई देते हैं. युवक पहले उन्हें उंगली दिखाकर कुछ कहता है और फिर कथित तौर पर उन्हें लात मारता है. इसके बाद वह दोबारा कार में बैठकर चला जाता है. वीडियो में बुजुर्ग रोते हुए और हाथ जोड़कर राहगीरों से मदद की गुहार लगाते नजर आते हैं.
लोगों ने कैसे की मदद?
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग और दुकानदार मदद के लिए दौड़े. उन्होंने घायल बुजुर्ग को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर बैठाया और पानी पिलाया. पुलिस को सूचना दी गई और एंबुलेंस बुलाकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है, हालांकि अंदरूनी चोट और सदमे की जांच के लिए उन्हें निगरानी में रखा गया है.
पुलिस ने मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर हमले और जान जोखिम में डालने जैसी धाराओं में केस दर्ज किया जा सकता है. आरोपी बेटे की तलाश भी जारी है.
सोशल मीडिया पर कैसी प्रतिक्रिया?
वीडियो एक्स सहित कई प्लेटफॉर्म पर तेजी से फैला और लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी. कई यूजर्स ने इसे इंसानियत पर कलंक बताया. किसी ने लिखा कि माता-पिता पूरी जिंदगी बच्चों के लिए संघर्ष करते हैं और बदले में उन्हें यह मिलता है. कुछ लोगों ने इसे कर्म का फल बताया, तो कुछ ने पुलिस से तुरंत कार्रवाई की मांग की. वहीं कुछ यूजर्स ने यह भी शक जताया कि वीडियो जागरूकता फैलाने के लिए बनाया गया हो सकता है. हालांकि सच्चाई क्या है, यह पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएगा.