कुएं में मिली थी लाश…मृतक ने की थीं 3 शादियां, अवैध संबंध के चलते

अनूपपुर. मध्य प्रदेश के अनूपपुर के सकरिया ग्राम में खेत के पीछे बने कुएं में बोरे और कम्बल में लिपटी, रस्सी और साड़ियों से बंधी लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी. मृतक की पहचान भैयालाल रजक (60) के रूप में हुई थी. कोतवाली पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए मृतक की तीसरी पत्नी मुन्नी उर्फ विमला रजक, उसके प्रेमी लल्लू उर्फ नारायण दास कुशवाहा और मजदूर धीरज कोल को गिरफ्तार किया है. तीन शादियां और अवैध संबंध कत्ल की वजह बने. पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है.

अनूपपुर के एसपी मोती उर-रहमान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस ने इस केस में हर पहलू पर बारीकी से जांच की. जांच में सामने आया कि भैयालाल रजक की तीन शादियां हुई थीं. पहली पत्नी घर छोड़कर चली गई थी जबकि पहली पत्नी की बहन गुड्डी बाई से भी उसने शादी की, पर उससे संतान न होने पर भैयालाल ने छोटी बहन मुन्नी बाई से तीसरी शादी कर ली. इसी दौरान पैतृक जमीन के सौदे को लेकर आने-जाने वाले दलाल लल्लू कुशवाहा से मुन्नी बाई के अवैध संबंध बन गए. दोनों ने साथ जीने की ख्वाहिश में हत्या की साजिश रच डाली.

रात में रॉड से हमला कर लाश कुएं में फेंकी
उन्होंने बताया कि 30 अगस्त की रात जब भैयालाल अकेले घर पर सो रहा था, तभी प्रेमी लल्लू और मजदूर धीरज ने लोहे की रॉड से उसके सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद शव को बोरे और कम्बल में लपेटकर रस्सी और साड़ियों से बांधा और घर के पीछे खेत में बने कुएं में फेंक दिया. पुलिस ने कुएं को खाली कर शव और मृतक का मोबाइल बरामद किया.

पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा
इस जघन्य वारदात के खुलासे पर डीआईजी शहडोल रेंज सुश्री सविता सोहाने और एसपी मोती उर-रहमान ने पुलिस टीम की सराहना की है. टीआई अरविन्द जैन सहित पूरी जांच टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है.