हाथरस: पति और पत्नी के बीच बहस होना आम बात है, लेकिन अगर आपको इस रिश्ते में बार-बार नीचा दिखाया जाए तो कैसा लगेगा? ऐसा ही एक अजब-गजब मामला सामने आया है उत्तर प्रदेश के हाथरस से. यहां एक पत्नी हाथरस थाने पहुंची. वहीं उसने पुलिस तो बताया कि- ‘मेरा पति मुझे हमेशा यही कहता है कि तेरे जैसी तो 300-300 रुपये में बिकती हैं.‘ चलिए आपको बताते हैं पूरा मामला क्या है.
महिला का पति मथुरा में रहता है. जबकि, महिला का मायका हाथरस में है. पति के परिवार से परेशान होकर पत्नी रोते हुए थाने पहुंची और पुलिस को बताया कि, मेरे पति के कई महिलाओं से अवैध संबंध हैं. मुझे ससुराल वाले दहेज के लिए भी टॉर्चर देते रहते हैं.‘ आरोप है कि पति अक्सर पत्नी से कहता है- तेरे जैसी 300-300 रुपए में बहुत बिकती हैं, मैं तुझे नहीं रखूंगा.
पति के अन्य महिला से अवैध संबंध
हालांकि पत्नी ने रिश्ता बचाने के लिए काफी कोशिश भी की, लेकिन ससुराल के लोगों ने उसे घर से निकाल दिया. इतना ही नहीं उसके साथ कई बार गर्दन पकड़ कर डंडों से मारपीट की गई. अब इस मामले में दहेज उत्पीड़न व घरेलू हिंसा का मुकदमा दर्ज कर महिला थाना पुलिस जांच में जुटी है.
बता दें, कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती की शादी करीब एक साल पहले मथुरा जिले के थाना फरह क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ हुई थी. पिता ने शादी में करीब 12 लाख रुपए खर्च किए थे. शादी में दिए गए दान-दहेज से ससुराल के लोग खुश नहीं थे. आरोप है कि पति के अन्य महिला से अवैध संबंध हैं. पत्नी के साथ ही अप्राकृतिक संबंध बनाता है. पत्नी विरोध करती है तो घर में खाने को नहीं देता है. कई दिन तक भूखा रखा जाता है.
क्या कहना है बीवी का?
पीड़िता बोली- मैं हमेशा रिश्ता बचाने की कोशिश करती रही. मगर उन लोगों का टॉर्चर खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा. मैंने कई बातों को शुरुआत में इग्नोर भी किया. लगा कि शायद पति सुधर जाएगा. पति तो पति, ससुराल में बाकी लोग भी मेरा कभी सपोर्ट नहीं करते थे. जब भी उनसे कुछ कहो तो बात दहेज को लेकर होने लगती. कहते कि हमें और दहेज चाहिए. मैंने उन्हें कहा भी कि मेरे पापा इतना पैसा नहीं दे सकते. मगर उन लोगों को इससे कोई फर्क नहीं पड़ा. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फिलहाल मामले की जांच जारी है.